रायपुर

अच्छी खबर: अगर आप UPSC की इस परीक्षा में हुए सफल तो मिलेंगे एक लाख रुपए

आदिवासी विकास विभाग ने UPSC की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सफल अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को प्रोत्साहन राशि देगी
2 min read
• •
Updated: 27 Apr 2018, 2:14 PM IST
Latest UPSC News
अच्छी खबर: अगर आप UPSC की इस परीक्षा में हुए सफल तो मिलेंगे एक लाख रुपए

रायपुर . अगर आप अफसर बनने का सपना देख रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर। दरअसल, प्रदेश सरकार ने दलित और वंचित वर्ग के बच्चों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए एक अच्छी शुरुआत की है।

प्रदेश सरकार के आदिवासी विकास विभाग ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सफल प्रदेश के अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान किया है।

कलेक्टर महादेव कावरे ने बताया कि आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।

विभाग द्वारा यूपीएससी की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर एक लाख रुपए प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान है। आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पात्रता एवं शर्तें तथा आवेदन पत्र का प्रारूप वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in (डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डाट ट्रायबल डॉट सीजी डॉट जीओव्ही डॉट ईन) से डाउनलोड किया जा सकता है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी इस संबंध में विस्तृत जानकारी आयुक्त आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास ब्लॉक -डी, भूतल, इंद्रावती भवन नया रायपुर से प्राप्त कर सकते हैं।

बतादें कि संघ लोक सेवा आयोग यानि यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा आयोजित कराता है। यूपीएससी देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा मानी जाती है। हर साल बड़ी संख्या में युवा यूपीएससी की इस परीक्षा की तैयारी करते हैं और आईएएस अफसर बनने का सपना देखते हैं।

Published on: