रायपुर

Raipur Road Accident: पति के सामने पत्नी की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार बस ने स्कूटी को मारी टक्कर, यातायात व्यवस्था पर भी सवाल

Road Accident 2026: रायपुर के भनपुरी में रविवार शाम तेज रफ्तार बस ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर पति के साथ जा रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
3 min read
• •
Updated: 21 Sep 2026, 3:33 PM IST
Road Accident
Road Accident: प्रतीकात्मक तस्वीर (source-patrika file)

Road Accident: छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। राजधानी रायपुर में भी रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी में तेज रफ्तार ट्रेवल्स बस ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी के पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान साधना तिवारी के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के देवतालाब क्षेत्र के ग्राम मढ़ा-पिपरी की रहने वाली थीं। हादसे के समय साधना अपने पति बिरेन्द्र तिवारी के साथ स्कूटी से भनपुरी बाजार जा रही थीं। दोनों सब्जी खरीदने के लिए बाजार निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

पति के साथ बाजार जा रही थीं साधना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साधना तिवारी अपने पति बिरेन्द्र तिवारी के साथ रायपुर के न्यू गोंदवारा स्थित खुशबू इंडस्ट्रीज के लेबर क्वार्टर में रहती थीं। बिरेन्द्र तिवारी इसी इंडस्ट्रीज में सुपरवाइजर के पद पर काम करते हैं। रविवार शाम करीब 7 बजे दोनों पति-पत्नी स्कूटी से भनपुरी बाजार जाने के लिए निकले थे। स्कूटी बिरेन्द्र चला रहे थे, जबकि साधना पीछे बैठी हुई थीं। दोनों भनपुरी मुख्य मार्ग से होते हुए दुर्गा मंदिर के पास पहुंचे थे।

पीछे से आई बस ने मारी टक्कर

पुलिस के मुताबिक, दुर्गा मंदिर के पास पहुंचने के दौरान पीछे से आ रही एक ट्रेवल्स बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बस चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। पीछे से हुई टक्कर के बाद स्कूटी सवार दोनों असंतुलित हो गए और साधना गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घायल साधना को तत्काल उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया।

हालांकि उनकी हालत गंभीर थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे के बाद भनपुरी की यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल

इस सड़क हादसे के बाद भनपुरी मुख्य मार्ग की यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मार्ग पर कई होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित होते हैं। इन प्रतिष्ठानों के बाहर कई बार वाहन सड़क तक खड़े कर दिए जाते हैं।

लोगों का कहना है कि सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहनों की पार्किंग होने के कारण मुख्य मार्ग का एक हिस्सा घिर जाता है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और एक साथ गुजरने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां जाम की स्थिति के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

सड़क किनारे पार्किंग पर कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों के अनुसार, भनपुरी मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बना रहता है। ऐसे में सड़क तक वाहनों की पार्किंग होने से स्थिति और मुश्किल हो जाती है। लोगों ने यातायात पुलिस और संबंधित विभाग से सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर यातायात सुचारु रखने के लिए पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ ही तेज रफ्तार वाहनों पर भी प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। उनका मानना है कि व्यस्त मार्गों पर यातायात नियमों का पालन और निगरानी बढ़ने से ऐसे हादसों के जोखिम को कम किया जा सकता है। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

Updated on:
21 Sep 2026, 3:33 PM IST
Published on: