
Chhattisgarh Sugar Price Hike: अजय रघुवंशी की रिपोर्ट. ऐसा पहली बार देखा जा रहा है जब चीनी की कीमतों में शेयर बाजार जैसा उतार-चढ़ाव आ चुका है। दिन में कई बार कीमतें बदल रही हैं। वहीं, अब तक की रेकॉर्ड महंगाई के बाद मल्टी रिटेल स्टोर्स में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ऑफरों की बौछार शुरू कर दी गई है, जिसमें 3 रुपए से लेकर 70 रुपए तक की छूट का दावा किया जा रहा है। डूमरतराई थोक बाजार में मंगलवार को दो बार कीमतें बदली और दिन में भाव 59 रुपए किलो और शाम को 58.50 रुपए पर पहुंच गया। प्रशासन की सख्ती के बाद 70 रुपए शक्कर की कीमतों से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन चिल्हर में अभी भी कीमतें प्रति किलो 65 रुपए पर बिक रही है।
शक्कर की कीमतों पर कंपनियों ने ऐसी तरकीब निकाली है कि एक किलो, 500 ग्राम के साथ अब 200 ग्राम के पैकेट की सुविधा दी जा रही है। 200 ग्राम की कीमत 20 रुपए रखी गई है, जिसमें 8 रुपए छूट का जिक्र है। इसी तरह 5 किलो के पैकेट की कीमत 303 रुपए बताई जा रही है, जिसमें 70 रुपए की छूट का दावा किया जा रहा है।
थोक व रिटेल व्यापारियों के मुताबिक कीमतों में रिकार्ड महंगाई के बाद बाजार में शक्कर की डिमांड 25 प्रतिशत कम हो गई है। प्रदेश में महाराष्ट्र से रोजाना 35-40 गाडिय़ों की आवक बनी हुई है।
शक्कर की कमी सरकारी राशन दुकानों में भी देखी जा रही है। यहां से हितग्राही लौट रहे हैं। दो दिन पहले ही शहर की कई राशन दुकानों में शक्कर का भंडारण कराया गया है। इसके बावजूद दुकानों में हितग्राहियों को शक्कर नहीं मिलने की शिकायतें आ रही हैं। गुढि़यारी और मोहबा बाजर स्थित दुकानों में पड़ताल में यह जानकारी आई कि दुकानों में स्टॉक ही नहीं पहुंचा है। पीडीएस दुकानों में शक्कर के आवंटन को लेकर नान प्रभारी हेलेना तिग्गा ने कोई जवाब नहीं दिया।
खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के मद्देनजर स्टॉक लिमिट तय की गई है। जमाखोरी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डूमरतराई थोक बाजार के महामंत्री गोविंद माहेश्वरी ने बताया कि शक्कर की कीमतें दिन में बार-बार बदल रही है। त्योहारी सीजन में कीमतों पर नजर बनी हुई है। 70 रुपए पहुंचने के बाद थोक में कीमतें अब 60 रुपए से नीचे हैं। महाराष्ट्र से शक्कर की आवक हो रही है।
फैक्ट फाइल
राजधानी में रोजाना आवक- 1400 टन
शहर में मिठाई दुकानें- 700 से अधिक
शक्कर की खपत रोजाना-100 टन से अधिक
मिठाइयों का रोजाना कारोबार- 60 लाख से अधिक