
रायपुर. पीडब्ल्यूडी का डिवीजन नंबर एक केवल पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की सडक़ बनाने में ही फुर्ती दिखा रहा है। शहर के दूसरे क्षेत्रों में निर्माण शुरू होने के छह-छह महीने बाद भी दोनों तरफ की सडक़ पांच-पांच फीट चौड़ी नहीं हो पाई है।
एेसी स्थिति रिंग रोड क्रमांक एक के न्यू राजेंद्र नगर चौक से अमलीडीह होकर जो सडक़ वीआइपी रोड में मिलती है, उस सडक़ की तस्वीर सामने आई है। लगभग डेढ़ लाख आबादी वाले इन क्षेत्रों के लोगों को पुराने ढर्रे वाली सकरी रोड से आना-जाना करने के लिए या तो मजबूर होना पड़ता है, या फिर तीन से चार किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
पीडब्ल्यूडी डिवीजन के एक के अनुसार पिछले साल रामनगर-कोटा रोड की तरह शहर के दूसरी विधानसभा क्षेत्रों की कनेक्टिविटी वाली सडक़ों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव बना था। लेकिन अमल केवल एक तरफ हुआ। रिंग रोड से लगे शहर के प्रमुख न्यू राजेंद्र नगर, अमलीडीह क्षेत्र के लोगों को चौड़ी सडक़ नसीब नहीं हो पाई है।
जबकि वीआइपी रोड से लगे अमलीडीह क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक पॉश कॉलोनियों के लोगों के लिए यह एक मात्रा सीधी रोड है। इस सडक़ को चौड़ीकरण करने के नाम पर न तो डामर चढ़ाई जा रही है और न ही सकरी सडक़ के चौड़ीकरण में दिलचस्पी। क्योंकि, यह सडक़ रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के दायरे में आती है।
दोनों तरफ केवल गिट्टी की भराई
न्यू राजेंद्र नगर मुख्य सडक़ का चौड़ीकरण करने के लिए निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। इसके दोनों तरफ पांच-पांच फीट चौड़ाई में खुदाई कर गिट्टी की भराई भी की गई। लेकिन निर्माण गति आसपास के लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। कई जगहों पर वाहन चालक टकराते-टकराते बचते हैं। एेसा निर्माण केनाल रोड तक भी नहीं पहुंच पाया है। जबकि सबसे अधिक संकरी सडक़ का सामना अमलीडीह होते हुए वीआइपी रोड पहुंचने तक करना पड़ता है।
पीडब्ल्यूडी के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर एस.एन. श्रीवास्तव ने बताया कि न्यू राजेंद्र नगर-अमलीडीह रोड का चौड़ीकरण छह महीनों से चल रहा है। नाली निर्माण के कारण काम आगे नहीं बढ़ पाया है। अगले छह महीने तक पूरा कर लिया जाएगा।