
Dharmendra Pradhan resignation: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।उन्होंने ने कहा कि देशभर के लाखों छात्रों के संघर्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा लगातार उठाए गए मुद्दों की जीत बताया। कांग्रेस का कहना है कि यह फैसला केवल एक मंत्री के इस्तीफे तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की शुरुआत होनी चाहिए।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लाखों छात्रों के संघर्ष और राहुल गांधी जी के निरंतर दबाव की जीत है। अब उन्हें किसी भी अन्य मंत्रालय की जिम्मेदारी देना स्वीकार्य नहीं होगा। लेकिन यह लड़ाई यहीं खत्म नहीं होती - यह तो बस शुरुआत है। हर गैर-जिम्मेदार व्यक्ति को अपनी नाकामियों के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा, चाहे वह प्रधान हों या प्रधानमंत्री।
अब शिक्षा व्यवस्था के पूर्ण सुधार पर चर्चा होगी। अब पेपर लीक माफिया का पर्दाफाश करने पर चर्चा होगी। अब ऐसी व्यवस्था बनाने पर चर्चा होगी जहां सत्ता में बैठे लोगों की लापरवाही की कीमत छात्रों के भविष्य को न चुकानी पड़े। यही सच्चा न्याय होगा।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। बैज ने दावा किया कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नैतिकता के आधार पर नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुर्सी बचाने के लिए लिया गया है। दीपक बैज ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर देशभर के कई शहरों तक छात्र और युवा लगातार NEET-UG मामले में प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन केंद्र सरकार ने उनकी मांगों पर संवाद करने के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया और उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई।
इधर इस्तीफे की खबर मिलते ही देशभर में विरोध कर रहे छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं ने भी सोशल मीडिया के जरिए धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे को युवाओं की जीत बताया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि एक “प्रधान” का इस्तीफ़ा हो गया है। ये भारत के युवाओं की जीत है। बता दें कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान भूपेश बघेल भी पहुंचे थे। वहीं विरोध प्रदर्शन के तीसरे दिन आज इस्तीफे की खबर आने से कांग्रेस ने इसे युवाओं की जीत बताया है।