
गरियाबंद/छुरा. बैंक मैनेजर बनकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को जिला पुलिस ने झारखण्ड में जाकर धर-दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने धारा 420 के तहत मामला पंजीबद्ध कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आरोपियों के पास से अलग-अलग कम्पनी के 8 नग मोबाइल व सिम बराबद किए गए। उन्होंने बताया कि इन मोबाइल के माध्यम से लोगों को फोन कर स्वंय को बैंक मैनेजर बताकर उनका पासबुक, एटीएम, आधारकार्ड की जानकारी लेकर ऑनलाइन ठगी करते थे। एक आरोपी नंदलाल अभी पकड़ से बाहर है, जिसकी तलाश जारी है।
यह है मामला
जिले के छुरा थाना में भूनेश्वर कुमार देवांगन निवासी ग्राम कोसमी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मोबाइल से अपना नाम दीपक शर्मा स्टेट बैंक का मैनेजर बताकर एटीएम का नवीनीकरण का समय आ गया है कहकर सीरियल नम्बर, आधार कार्ड की जानकारी मांगी गई। इसके बाद शिकायतकर्ता व उसकी पत्नी के खाते से 1 लाख 12 हजार 86 रुपए की निकाल लिए।
हफ्तेभर कैंप लगाकर की पतासाजी
पड़ताल में पता चला कि आरोपी ने ऑनलाइन एप्लीकेशन ओलाकैब, एमपीईएसए, इंडिया मनी और ओक्सीजेन वॉलेट के जरिए ट्रांसफर किया था। ऑनलाईन एप्लीकेशन से जानकारी लेने पर आरोपी सूरज केशरी पिता विश्वनाथ केशरी (20) झारखण्ड के ग्राम ठाड़ी थाना मोहनपुर जिला देवघर का रहवासी निकला। एसपी जितेन्द्र मीणा व एएसपी नेहा पाण्डेय के दिशा निर्देशन पर टीम गठित कर थाना छुरा से उप निरीक्षक जयवीर भगत, आरक्षक देवेन्द्र परिहार, जितेन्द्र कुमार, अजय सिंह राजपूत के साथ आरोपी की पतासाजी के लिए झारखण्ड रवाना हुए। देवघर में एक सप्ताह कैम्प कर आरोपी की पतासाजी कर हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर उसके अन्य साथी उसी जिले के विनोद पिता गिरधारी यादव (24) और नंदलाल पिता दशरथ रवानी के नाम का खुलासा हुआ।