
Raipur: केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतन राम मांझी 27 नवंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने यहां कहा कि करीब-करीब 10 करोड़ इकाइयां हमारी हैं और 42 करोड़ लोगों को हमने अस्थायी रूप से रोजगार और नियोजन दिया है। इसी में हमारी एक संस्था है शेड्यूल कास्ट शेड्यूल ट्राइब्स हब (अनुसूचित जाति एवं जनजाति हब)। पूरे भारत में इसकी करीब 25-30 शाखाएं हैं। मध्यप्रदेश और रायपुर में भी हम इस संस्था की शुरुआत करने जा रहे हैं। कल (28 नवंबर को) रायपुर में इस संस्था का उद्घाटन करेंगे।
वहीं, केंद्रीय मंत्री मांझी ने राजद नेता तेजस्वी यादव के नीतीश सेतु को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि जिसको कोई काम नहीं करना होता है और ना किया हो, तो जब काम होता है तो उसे ईर्ष्या होती है। जिन्होंने ऐसा कहा है उनके माता-पिता ने 15 साल बिहार में राज किया। उस समय किसी प्रकार की सड़क व किसी प्रकार के सेतु नहीं बने थे। लेकिन जब नीतीश कुमार 2005 से शासन में आए, 20 साल में उन्होंने राज्य को आगे बढ़ाने का काम किया और उसी क्रम में ये सेतु बना है। नीतीश कुमार ने यह किया था, इसलिए उनका नाम हुआ।
बता दें कि केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतनराम मांझी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 28 नवंबर को सुबह 9 बजे से आयोजित नेशनल एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव में शामिल होने के लिए आए हैं।