रायपुर

राहगीर को गांव के पास घूमता देख बच्चा चोर समझ किया ये हाल, देखें वीडियो

ग्राम मेंड्राकला में गांव से गुजर रहे राहगीर को शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला।
2 min read
• •
Updated: 23 Jun 2018, 9:28 AM IST
villagers beat a man
राहगीर को गांव के पास घूमता देख बच्चा चोर समझ किया ये हाल

अंबिकापुर. ग्रामीण इलाकों में बच्चा चोर की अफवाह तेजी से फैल रही है। इसी अफवाह में अंबिकापुर के मणिपुर चौकी अंतर्गत ग्राम मेंड्राकला में गांव से गुजर रहे राहगीर को शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला। इस दौरान कुछ लोगों ने मारपीट का वीडियो भी बना लिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर स्थित ग्राम मेंड्राकला में शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को घूमते देखा।

ग्रामीणों ने सोचा कि वह बच्चा चोर है। इसी शक में उन्होंने उसकी लाठी-डंडे व हाथ-मुक्के से पिटाई शुरू कर दी। ग्रामीणों ने उसे इतना मारा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान पिटाई का वीडियो भी किसी ने मोबाइल फोन पर बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो में नजर आ रहा है कि व्यक्ति के मरने के बाद भी एक-दो युवक उसे डंडे से मार रहे हैं।

उधर, घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि मृतक विक्षिप्त जैसा लग रहा है। इधर पुलिस सोशल मीडिया पर शेयर वीडियो के आधार पर पिटाई करने वाले ग्रामीणों की शिनाख्त कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। काफी समय से ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं, जहाँ गांव वालों ने किसी अनजान को बच्चा चोर समझ कर पीटा है।

सिटी कोतवाली के टीआइ विनय सिंह बघेल ने बताया मारपीट कर हत्या की गई है। मृतक की शिनाख्त की जा रही है। अभी जांच जारी है। इसके आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
23 Jun 2018, 9:28 AM IST
Published on: