Crime News: अवैध संबंध के चलते पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश नाकाम रही।
Crime News: राजधानी Raipur के खरोरा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोपियों ने इस वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई।
शनिवार को थाना खरोरा में भागवत सारथी ने सूचना दी कि उनके छोटे भाई किशोर का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों ने आशंका जताई कि किशोर की हत्या कर शव को वहां लाकर फेंका गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 103(1) भा.न्या.सं. के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी का लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नामक युवक से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते की जानकारी किशोर को हो गई थी, जिसके कारण दंपति के बीच लगातार विवाद होता था। इसी विवाद से तंग आकर पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
योजना के तहत शुक्रवार रात करीब 9 बजे पत्नी ने किशोर को बहन को लाने के बहाने ग्राम बिठिया भेजा। इसी दौरान खरोरा-रायपुर मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने थार वाहन से उसकी बाइक को टक्कर मारी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
जांच में स्पष्ट हुआ कि यह हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। इसके बाद पुलिस ने धारा 61(2) भा.न्या.सं. भी जोड़ी। इस मामले में मृतक की पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त थार वाहन जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।