
रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। यहां मामूली बात पर हुए विवाद को लेकर एक युवक को लाठी - डंडे से पीट पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस मामले में 4 अन्य बुरी तरह घायल हो गए।
मामला टिकरापारा थाना इलाके का बताया जा रहा है। उधर मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों से मामले की जानकारी ली और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना में पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आज परिजनों ने टिकरापारा थाने के घेराव की चेतावनी दी है।
दरअसल, घटना बीती रात टिकरापारा थाना अंतर्गत बोरियाखुर्द नवरंग चौक की है। रात में दर्जनों लड़के गाली गलौज करते हुए नवरंग चौक से गुजर रहे थे। ग्रामीणों ने युवकों को गाली गलौज करने से मना किया। लेकिन युवक नहीं माने और गाली गलौज करते रहे।
इसी बीच दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और शरारती युवकों ने 20 से 25 लड़कों को वहां बुला लिया। थोड़ी देर में करीब 20-25 की संख्या में युवक वहां तलवार, हॉकी व डंडे लेकर पहुंच गए। अपने दोस्तों के साथ विवाद होता देख युवकों की भीड़ ने ग्रामीणों पर तलवार, हॉकी व डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के दौरान एक युवक दबंगों से गिड़गिड़ाते रहा, लेकिन दबंग नहीं माने और युवक को इतनी बुरी तरह से पीट दिया कि गंभीर रूप से जख्मी हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि इस हमले में 4 ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को देखते हुए नवरंग चौक बोरिया खुर्द को छावनी में बदल दिया। इस घटना में पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उधर, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आज परिजनों ने टिकरापारा थाने के घेराव की चेतावनी दी है।