
Chhattisgarh Crime News: राजधानी रायपुर के खमतराई इलाके में एक युवक ने खुदकुशी कर ली। इससे पहले उसने वीडियो जारी करते हुए खमतराई थाने के सिपाही पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। उसने अपने ससुराल वालों को भी खुदकुशी करने का कारण बताया है। सोशल मीडिया में यह वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। मृतक के परिजनों ने सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक रावाभाठा निवासी गैरेज चलाने वाले महेश दास मानिकपुरी ने 3 जुलाई को घर में फांसी लगा ली थी। 9 दिन बाद परिजनों की नजर उसके मोबाइल पर पड़ी। इसमें महेश का रिकार्डेड वीडियो था। उसने खमतराई थाने के पुलिसकर्मी प्रदीप सिंह उर्फ बंटी पर जबरन वसूली और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वीडियो में उसने पत्नी व ससुराल वालों को भी खुदकुशी के लिए जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो सामने आने के बाद परिजनों ने पुलिस अफसरों से मामले में बंटी व अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का दावा है कि मृतक की पत्नी पिछले कुछ माह से उसके साथ नहीं रह रही है। 6 माह पहले महेश के खिलाफ पुलिसकर्मी बनकर लोगों को बरगलाने की शिकायत मिली थी। इस पर महेश और उसके दोस्त गौरी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। लेकिन सवाल उठता है कि 6 माह पुरानी बात को लेकर महेश अब सुसाइड क्यों करेगा।
मैकेनिक महेश दास मानिकपुरी वीडियो में कहा रहा है कि, मैं प्रतिमा और बंटी पुलिस वाले की वजह से फांसी लगा रहा हूं। उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी। मैं जी नहीं पा रहा हूं, मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। (Raipur Crime News) महेश ने वीडियो में कहा कि, बंटी क्राइम ब्रांच खमतराई, प्रतिमा मानिकपुरी, मोगरा दास, गोपीदास मानिकपुरी और उनके पिता ने मुझे बहुत परेशान किया। मुझे मरने के लिए मजबूर किया है। परिजनों ने पुलिस पर वसूली के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।