
Narmada Valley : मध्यप्रदेश के रायसेन के जंगलों में हाथी जैसा विशालकाय जीव रहता था। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआइ) की पड़ताल में यह तथ्य सामने आया। रायसेन जिले की देवरी तहसील के पतई घाट पर बीते मंगलवार को प्राचीन जीवाश्म मिला था। अब इसकी पहचान सामने आई है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआइ) की टीम के प्रारंभिक अध्ययन में इसे स्टेगोडॉन का निचला जबड़ा माना गया है। अधिकारियोें के अनुसार यह अब विलुप्त प्रजाति है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआइ) की टीम की पड़ताल से यह तथ्य भी उजागर हुआ कि लाखों साल पहले नर्मदा घाटी के इस इलाके में विशालकाय हाथी जैसा जीव विचरण करता था। इससे पहले नर्मदा घाटी में डायनोसोर के जीवाश्म भी मिल चुके हैं।
पतई घाट पर मिले प्राचीन जीवाश्म ने भूवैज्ञानिकों और पुरातत्व के क्षेत्र में रुचि रखने वाले लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। जीवाश्म की वास्तविक प्रकृति, उसकी प्रजाति और भूवैज्ञानिक काल का पता लगाने के लिए शनिवार को भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की विशेषज्ञ टीम यहां पहुंची। भूवैज्ञानिक हसन खान के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जीवाश्म स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मिले अवशेषों का सूक्ष्मता से अध्ययन कर महत्वपूर्ण तथ्य संकलित किए।
विशेषज्ञ टीम के प्रारंभिक अवलोकन के आधार पर पतई घाट पर मिला जीवाश्म स्टेगोडॉन नामाडिक्स का निचला जबड़ा बताया गया है। स्टेगोडॉन हाथी परिवार से संबंधित विलुप्त प्राचीन जीवों की एक प्रजाति थी। इसके अवशेषों का मिलना उस समय के जीव-जंतुओं और प्राकृतिक परिस्थितियों के अध्ययन के नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि जीवाश्म की प्रजाति और उसकी वास्तविक भूवैज्ञानिक आयु को लेकर अंतिम निष्कर्ष विस्तृत वैज्ञानिक जांच के बाद ही सामने आएंगे।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस जीवाश्म का संबंध मायोसीन से प्लाइस्टोसीन काल के बीच का माना जा रहा है। यह भूवैज्ञानिक समयावधि लगभग 65 लाख वर्ष पूर्व से 11,800 वर्ष पूर्व तक फैली हुई है। इस कालखंड में पृथ्वी की जलवायु, वनस्पतियों और जीव- जंतुओं की दुनिया में कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए थे। ऐसे में पतई घाट पर मिला जीवाश्म उस समय के प्राकृतिक इतिहास को समझने में उपयोगी साबित हो सकता है।
पतई घाट का क्षेत्र भौगोलिक रूप से उत्तर में विंध्याचल और दक्षिण में सतपुड़ा पर्वतमाला के बीच स्थित नर्मदा घाटी का हिस्सा है। नर्मदा घाटी पहले भी प्राचीन जीवों के जीवाश्मों और भूवैज्ञानिक अवशेषों के लिए महत्वपूर्ण रही है। यहां मिलने वाले जीवाश्म लाखों वर्ष पहले इस क्षेत्र की भौगोलिक संरचना, पर्यावरण और जैव विविधता के अध्ययन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।