सांची के एक होटल के कमरे में भाजपा की महिला नेता के बेटे की लाश मिलने सनसनी फैल गई है।
रायसेन. मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सांची स्थित एक होटल के कमरे में भाजपा की महिला नेता के बेटे की लाश मिलने सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि, भाजपा नेत्री के 36 वर्षीय बेटे भूवेश पुरोहित वेलेंटाइन डे मनाने के लिए महिला मित्र के साथ सांची के एक होटल में ठहरे हुए थे।
होटल के कमरे में संदिग्ध अवस्था में मृत मिले भूवेश पुरोहित भाजपा नेत्री और ग्राम पंचायत उमरिया की सरपंच उर्मिला पुरोहित का बेटे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरपंच प्रतिनिधि बनकर वो अपनी मां के सरपंची कार्यों में सहयोग करते थे। बताया जा रहा है कि, पिछले काफी दिनों से सागर की रहने वाली महिला मित्र से उसकी दोस्ती थी। वो बीते 11 फरवरी से होटल के कमरे में ठहरे हुए थे। रविवार को सुबह महिला मित्र द्वारा ही युवक की मौत की सूचना होटल संचालक को दी, जिसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को इस संबंध में सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एमएल भाटी अपने साथ एफएसएल टीम को लेकर मौके पर पहुंचे और पड़ताल शुरु की। इसके बाद शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। थाना प्रभारी के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, महिला मित्र की रिपोर्ट के आधर पर मर्ग कायम कर विवेचना की गई है।
परिजन ने महिला पर लगाए हत्या के आरोप
मृतक के भाई अमित पुरोहित का कहना है कि, भावेश शादीशुदा था, उसका 6 साल का एक बेटा भी है। इसके बावजूद भी लंबे समय से उसके महिला से संबंध थे। वो अकसर उस महिला को आर्थिक मदद भी किया करता था। उसके खाते में रुपए डाला करता था। यहीं नहीं वो महिला के हर छोटे-बड़े खर्च भी उठाता था। परिवार के लोगों का कहना था कि, 11 जनवरी को वह घर से 11 लाख रुपए लेकर निकला था। घर से वो वेलेंटाइन डे मनाने का कहकर गया था। परिजन ने पुलिस को लिखित शिकायत कर आरोप लगाया है कि, महिला के कारण भावेश की मौत हुई है।
होटल संचालक को भी बताया मिलीभगत में शामिल
मृतक भूवेश पुरोहित के चाचा लखनलाल पुरोहितने होटल संचालक पर भी इस मामले में मिलीभगत का आरोप लगाया है। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि, पिछले दिनों इस होटल में पुलिस द्वारा छापामारी की गई थी। उस समय ही होटल संचालक ने भावेश पर छापामारी कराने का शक जताया था और उससे जलन रखने लगा था। मृतक के परिजन ने पुलिस पर भी अभद्रता करने और रिपोर्ट दर्ज कराने में आनाकानी करने के आरोप लगाए हैं।
होटल संचालक बोला- आरोप निराधार
वहीं, मामले को लेकर होटल मालिक निर्मल कुमार जैन ने मृतक के परिजन द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि हमने नियमानुसार आईडी प्रूफ लेकर भूवेश को होटल में ठहरने के लिए कमरा दिया था। वो जिस महिला के साथ ठहरा था, उसकी भी एक बेटी है। बच्ची भूवेश को मौसा कहकर पुकार रही थी। पारिवारिक मामला समझते हुए हमने होटल में ठहरने प किसी तरह का शक नहीं किया था।
पहले कांग्रेस फिर भाजपा में रहा सक्रिय कार्यकर्ता
भूवेश पांच वर्ष पूर्व कांग्रेस में सक्रिय रूप से काम करता था। वह क्षेत्रीय विधायक व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी समर्थक है। डॉ. चौधरी के भाजपा में शामिल होने के बाद वह भी भाजपा में शामिल होकर सक्रिय रहता था। सांची भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष शर्मा ने बताया कि भावेश काफी सक्रिय कार्यकर्ता था।
कटनी में टनल निर्माण कार्य के बीच बड़ा हादसा, देखें Video