रायसेन

बच्चे खेल-खेल में खोद रहे थे मिट्टी, अचानक निकली दांतों वाली विशाल आकृति; गांव में पूजा शुरू

Discovery: देवरी के पतई गांव में बच्चों को मिट्टी की खुदाई के दौरान मिली दांतों वाली रहस्यमयी आकृति, ग्रामीणों ने देवता मानकर शुरू की पूजा-अर्चना।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 10:25 AM IST
Discovery
Discovery- देवरी के पतई गांव में मिला दैत्याकार पत्थर। (फोटो पत्रिका)

रायसेन जिले के देवरी क्षेत्र के पतई गांव में नर्मदा नदी के किनारे मिली एक रहस्यमयी पत्थरनुमा आकृति ग्रामीणों के बीच कौतूहल का विषय बन गई है। दैत्याकार जबड़े जैसी दिखाई देने वाली इस आकृति में कई दांत भी उभरे हुए नजर आ रहे हैं। मंगलवार शाम कुछ बच्चे नदी किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान मिट्टी की खुदाई करते समय उन्हें यह अजीबोगरीब आकृति दिखाई दी। पत्थर का काफी हिस्सा जमीन में धंसा हुआ है। इसकी बनावट देखकर ग्रामीण भी हैरान हैं। कुछ लोगों ने इसे अज्ञात देवता का स्वरूप मानकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी है।


इस आकृति के फोटो और वीडियो सामने आने के बाद इसके प्राचीन जीव के अवशेष या जीवाश्म होने की संभावना भी जताई जा रही है।
हालांकि, इसकी वास्तविक पहचान अभी स्पष्ट नहीं है। इसके जीवाश्म होने या किसी अन्य प्राकृतिक संरचना की पुष्टि वैज्ञानिक और पुरातात्विक विशेषज्ञों की जांच के बाद ही हो सकेगी।

नर्मदा घाटी में पहले भी मिल चुके हैं जीवाश्म

गौरतलब है कि नर्मदा घाटी का क्षेत्र भूगर्भीय और पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। जिले के आसपास के क्षेत्रों में पूर्व में भी डायनासोर के अंडों सहित प्राचीन जीवों के अवशेष मिलने की जानकारियां सामने आती रही हैं। ऐसे में पतई गांव में मिली यह आकृति भी शोध और वैज्ञानिक जांच का विषय बन सकती है। यदि जांच में इसके किसी प्राचीन जीव का जीवाश्म होने की पुष्टि होती है तो यह रायसेन जिले के लिए महत्वपूर्ण खोज साबित हो सकती है।

संरक्षण और वैज्ञानिक जांच की उठाई मांग

ग्रामीणों ने इस खोज की जानकारी फोटो और वीडियो के माध्यम से भेजी है। साथ ही पुरातत्व एवं जीवाश्म विशेषज्ञों से इसकी पहचान और रिसर्च कराने की मांग की है। फिलहाल यह रहस्यमयी आकृति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। अब सबकी निगाहें विशेषज्ञों की जांच पर टिकी हैं, जिससे पता चल सकेगा कि नर्मदा किनारे मिला यह पत्थर वास्तव में किसी प्राचीन जीव का अवशेष है या प्रकृति की बनाई कोई अनोखी संरचना।

Updated on:
11 Nov 2026, 10:25 AM IST
Published on: