राजगढ़

25 साल से खेतों तक नहीं पहुंचा नहर का पानी, सूखती फसलों से नाराज राजगढ़ के किसान सड़क पर उतरे

Farmers Protest : सारंगपुर-पचोर इलाके के 20 गांवों में सिंचाई के पानी का संकट गहरा गया है। 25 साल बाद भी खेतों तक नहर का पानी नहीं पहुंच सका है। गेहूं, चना और सरसों की फसल बचाने किसानों ने कुंडालिया बांध से पानी छोड़ने की मांग की है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 7:05 PM IST
Farmers Protest
20 गांव के किसान नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे (फोटो सोर्स: Patrika)

Rajgarh News : खेतों में फसलें खड़ी हैं, लेकिन सिंचाई के लिए पानी नहीं है। कुएं और बोरवेल जवाब दे रहे हैं और बनाए गए स्टॉप डैम भी सूखे पड़े हैं। ऐसे में फसलों को बचाने की चिंता लेकर मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले 20 गांवों के किसान मंगलवार को एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने पहले कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद जनसुनवाई में पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कुंडालिया बांध से आ रही पेयजल लाइन से उनके इलाके में पानी की व्यवस्था कराने और सिंचाई के लिए तत्काल व्यवस्था करने की मांग की।

किसानों का कहना है कि, इलाके में नहर परियोजना बने करीब 25 साल बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें इसका सिंचाई लाभ नहीं मिल सका है। दूसरी तरफ बारिश की कमी और भूजल स्तर गिरने से खेती पर संकट गहराया हुआ है। किसानों ने गेहूं, चना, सरसों और मसूर की बुवाई में लागत लगा दी है, लेकिन अब पानी के अभाव में फसलें सूखने की स्थिति में आ पहुंची हैं। समय रहते सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

दो विधानसभा और तहसीलों के किसान परेशान

उल्लेखनीय है कि, उक्त किसानों के गांव दो विधानसभा और दो ही तहसीलों में पड़ रहा है, जिसमें सारंगपुर, पचोर और नरसिंहगढ़ के तहत ये आते हैं, जिसके तहत उन्होंने राज्य मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, विधायक मोहन शर्मा नरसिंहगढ़ और कलेक्टर को पत्र दे दिया है, बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया।

नेवज नदी में पेय जल लाइन का पानी 15 दिन छोड़ने की मांग

जनसुनवाई में सौंपे गए आवेदन में किसानों ने मांग की कि नेवज नदी में लगातार 15 दिन तक पानी छोड़ा जाए, कुंडालिया डैम से आ रही पेय जल लाइन में से यह पानी छोड़ दिया जाए ताकि आसपास के गांवों के किसान अपने खेतों की सिंचाई कर सकें। इसके अलावा कुंडालिया बांध से आई पेयजल लाइन को खोलकर पानी खेतों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में बनाए गए चौमा स्टॉप डैम में भी पानी नहीं है। यदि उपलब्ध जलस्रोतों से समय रहते पानी नहीं मिला तो बोई गई फसलें बचाना मुश्किल हो जाएगा।

इन क्षेत्रों के किसानों ने सौंपा ज्ञापन

ज्ञापन सारंगपुर-पचोर इलाके के अंतर्गत आने वाले ग्राम लखेसरा, चीमा, पाटड़ी और आसपास के इलाके के किसानों द्वारा सौंपा गया है। किसानों ने प्रशासन से जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराने, उपलब्ध जल संसाधनों से सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसानों की समस्या का तत्काल निराकरण कराने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी कि, समय रहते पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो उनकी पूरी फसल प्रभावित हो सकती है।

किसान बोले- अब पानी छोड़ेगे तो ही बचेंगी फसलें

पचोर के गिंदौली में रहने वाले किसान चंदर रूहेला का कहना है कि, पेय जल की जो लाइन है, उनसे ही पानी मिल सकता है। अधिकारियों, ठेकेदारों की लावपरवाही से स्टॉप डैम में पानी नहीं रोका जा सका, जिससे फसलें खराब होने की कगार पर है। हो सकता है उन्हें खोलना पड़े। वो स्वत: ही सूख रहा, ट्रैक्टर निकाल रहे हैं।

सरसखेड़ी से आए किसान दशरथसिंह राणा का कहना है कि, पानी रोकना ही एक मात्र विकल्प है, यह पानी नहीं छोड़ा तो फसलें खराब हो जाएंगी। चौमा सहित करीब चार से पांच स्टॉप डैम है लेकिन सब खाली है। बोवनी के बाद फसल सूखने की दादात पर है, एक-एक पानी छोड़ दें तो पानी मिल जाएगा।

Updated on:
17 Nov 2026, 7:05 PM IST
Published on: