Road Accidents : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, महिला को 100 मीटर तक घसीटा, पुल से नीचे गिरी बाइक, ट्रक में जा घुसी बाइक, महिला समेत 3 की मौत, एक गंभीर।
Road Accidents :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार का दिन सड़क हादसों का दिन साबित हुआ। यहां नेशनल हाईवे-46 पर नरसिंहगढ़ के पास और 52 पर बिलापुरा और देहरी बामन के पास एक के बाद एक तीन अलग अलग भीषण सड़क हादसे हुए। तीनों हादसों में एक महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल भी है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी फैल गई, जिसके चलते लोगों की भारी भीड़ घटना स्थल पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शख्स को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
तीन ही दुर्घटनाओं ने यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही की गंभीर लापरवाही भी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि, तेज रफ्तार, हेलमेट का उपयोग न करना और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी इन तीनों दुर्घटनाओं की मुख्य कारण रहीं। तीनों हादसों में किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे इतने भयावह थे कि, इसकी चपेट में आए तीनों बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है, साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
बिलापुरा जोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने आगे जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि, महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में प्रेम बाई नामक महिला की मौत हुई है, उनका पति चतर सिंह निवासी कडुला गंभीर घायल है। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि, ट्रक महिला को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुआ ले गया। इस दौरान उनके दोनों पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि, कडुला निवासी दंपती नेठाढारी ब्यावरा के पास एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
नेशनल हाईवे- 46 पर ही देहरी बामन के पास एक तेज रफ्तार बाइक पुलिया के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव अस्पताल पहुंचाया, अभी तक मृतक के शव की पहचान नहीं हो सकी है, जिसे लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।
नेशनल हाईवे-46 पर सराना जोड़ बोड़ा बायपास के पास एक एक बाइक सवार ट्रक में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि, बाइक सवार ट्रक के पहियों के नीचे आने से सिर बुरी तरह कुचल गया। पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे चाय-नाश्ता करने के बाद बाइक चालक अवैध कट पाइंट से हाईवे पर चढ़ रहा था। तभी तेज रफ्तार आ रही कार को बचाने में कार के पीछे से आ रहे ट्रक में जा घुसा। ट्रक के दोनों पहिए बाइक सवार के सिर पर से निकल गए। बताया जा रहा है कि, ट्रक भोपाल की तरफ से आ रहा था, तभी बाइक चालक अचानक सड़क पर चढ़ा, जिसके चलते वो हादसे का शिकार हो गया। अगर अवैध कट पाइंट से बाइक नहीं चढ़ाता तो शायद हादसे का शिकार न होता।
घटना के सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहीं, ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि, मृतक के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला है, साथ ही चेहरा भी पुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसके चलते अबतक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को फिलहाल सिविल अस्पताल के मर्चुरी में रखवाया गया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, मृतक के परिजन की भी तलाश की जा रही है।