
Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले ब्यावरा समीपस्थ खानपुरा गांव में देवस्थान पर पूजन के बाद वितरित की गई प्रसादी खाने से 15 से अधिक बच्चों के साथ-साथ दो महिलाओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। बताया दा रहा है कि, प्रसादी खाने के बाद से संबंधित लोगों को उल्टी-दस्त, घबराहट, चक्कर आने और बुखार की शिकायत होने लगी थी। एक के बाद एक लोगों की तबीयत बिगड़ने से गांव में हड़कंप मच गया। परिजन बीमार बच्चों और महिलाओं को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां सभी को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। फिलहाल मरीजों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, खानपुरा गांव मंगलवार सुबह करीब 10 बजे देवस्थान पर पूजन और दूज की बैठक थी। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रसादी तैयार करने के लिए घर-घर से नारियल और दही इकट्ठे किये थे। सुबह करीब 10 बजे पूजन के बाद ग्रामीणों में प्रसादी का वितरण किया गया। प्रसादी खाने के कुछ समय बाद से ही अचानक कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ना शुरु हो गई।
शुरुआत में कुछ बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई, लेकिन धीरे-धीरे बीमार होने वालों की संख्या बढ़ती गई। किसी को घबराहट और चक्कर आने लगे तो किसी को बुखार की शिकायत हुई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन दोपहर में 4 बच्चों को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, शाम होते-होते करीब 10 से 12 अन्य बच्चे भी उल्टी-दस्त समेत अन्य परेशानियों के चलते अस्पताल में भर्ती किए गए। इस तरह दिनभर में करीब 15 से अधिक बच्चों के साथ-साथ दो महिलाएं भी इसी शिकायात के चलते अस्पताल में भर्ती की गई हैं। फिलहाल, सभी का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
प्रसादी खाने के बाद बीमार पड़े लोगों में दो साल की मासूम बच्ची से लेकर 40 साल की महिला भी शामिल हैं। बीमार होने वालों में दो साल की मासूम खुश्मिता पिता पप्पू दांगी, मोनिका कारपेंटर (11), राधिका कारपेंटर (7), पूर्ति (10), दिव्यांशी सेन (6), अंजली भिलाला (11), विवेक भिलाला (8), विराज भिलाला (6), राजेश दांगी (11), अजय (16), लोकेश प्रजापति (15) सहित किरण सेन (28) और रेखा भिलाला (40) शामिल हैं। इसके अलावा भी कुछ अन्य बच्चों के बीमार होने की जानकारी है।
ग्रामीणों ने प्राथमिक तौर पर प्रसादी खाने के बाद तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि, किसी घर से पुराना दही या कुछ गिर जाने से शायद फूड पॉइजनिंग की शिकायत हुई है। फिलहाल, मामले की जांच भी की जा रही है।