
(रिपोर्ट- राजेश विश्वकर्मा, राजगढ़)
BJYM President Shyam Taylor rajgarh visit -मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय पर शनिवार को सत्ता का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के स्वागत में पूरा शहर बैनर-पोस्टर से सजा दिया गया। नेशनल हाइवे पर जगह-जगह मंच तान दिए, जिससे पुलिस की मौजूदगी में जाम लगता रहा। प्रदेश अध्यक्ष को दिखाने के लिए युवा नेताओं के बीच ब्यावरा नाका से लेकर खिलचीपुर नाके तक बैनर लगाने की होड़ सी लग गई। ब्यावरा, सारंगपुर, खुजनेर, सुठालिया सहित जिलेभर से भाजपा नेताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। खिलचीपुर नाके पर भाजपा युवा मोर्चा के तीन दावेदारों ने तीन अलग-अलग मंच लगाए। इसी बीच एक मंच प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत के दौरान टूट गया (BJYM President Stage Collapse) और सभी बड़े नेता जमीन पर गए।
शक्ति प्रदर्शन के दौरान जाम लगा रहा। वह भी पुलिस की मौजूदगी में। खिलचीपुर और ब्यावरा नाका की ओर से आने वाले वाहनों के साथ ही खुजनेर रोड और अस्पताल की ओर से आने वाले वाहन एक जगह जमा हो गए। जिससे जाम लग गया और आम लोग परेशान होते रहे।
मंच पर एक साथ जमा होने की जल्दबाजी से स्वागत के लिए एक जगह बनाया गया स्वागत मंच ही टूट गया। प्रदेश अध्यक्ष टेलर के साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर भी गिर गए, हालांकि किसी को चोट नहीं आई है। हर जगह मंच पर बड़ी मालाओं के बीच फोटो खिंचाने कार्यकर्ताओं में होड़ मची हुई थी। बताया जाता है कि ब्यावरा नाका और खिलचीपुर नाका के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा ये मंच बनाया गया था जहां ज्यादा लोग चढ़ गए। जैसे ही स्वागत करने की बारी आई तो सब एक साथ चढ़ गए, जिससे मंच टूट गया और सभी सभी नेता जमीन पर गिर गए।
विभिन्न मंचों से स्वागत के बीच चोरों ने भी मौके का फायदा उठाया। युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष की दावेदारी कर रहे गौरव सोनी की जेब इस दौरान कट गई। उनकी जेब में रखे डेढ़ लाख रुपए कोई चुरा ले गया। भीड़ में वे समझ नहीं पाए और रैकी कर वारदात का इंतजार कर रहा बदमाश पर्स चुराकर ले गया। उन्होंने थाने में पूरे मामले की शिकायत की है। बता दें कि वहां भीड़ ज्यादा होने से चोरी करने वाले का पता नहीं चल पाया।