
Biaora Fire- एमपी में भी लखनऊ जैसा हादसा हुआ है। यहां का एक कोचिंग सेंटर लाक्षागृह बन गया, नीचे से आग से घिर गया। ब्यावरा में यह घटना घटी। यहां नीचे आग लग गई जिससे अफरातफरी मच गई। राजगढ़ जिले के ब्यावरा में एक व्यावसायिक इमारत में तड़के करीब 4:30 बजे अचानक भयंकर आग लग गई। यहां नटानी कैफे होटल और ऊपरी मंजिलों पर कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी संचालित हो रहीं हैं। दमकल की गाड़ियों ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया जिससे कोई जनहानि तो नहीं हुई लेकिन संपत्ति जलकर खाक हो गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
जानकारी के अनुसार कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी के नीचे संचालित कैफे में आग लगी जोकि तेजी से फैली। इससे वहां रखे सामान, खिड़कियां, दरवाजे सब जलकर राख हो गए हैं।
आग लगने की सूचना मिलते ही ब्यावरा और समीपस्थ बीनगंज से दमकल विभाग की टीमों को मौके पर पहुंचाया गया। दमकलों की टीमों ने आग की लपटों को आगे फैलने से रोका और मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना का समय तड़के लगभग 4:30 बजे बताया जा रहा है। नटानी कैफे होटल अचानक आग की चपेट में आ गया। कैफे और होटल का काफी नुकसान हुआ है, यहां का सभी सामान जलकर खाक हो गया। आगजनी से करीब 40 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
इमारत में कैफे के साथ ही कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी भी संचालित की जा रही है। ऐसे में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने इमारत की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच शुरु कर दी है।
इधर न्यूज एजेंसी आइएएनएस के अनुसार मध्यप्रदेश के राजगढ़ ज़िले के ब्यावरा में नटानी कैफ़े होटल में सुबह करीब 4:30 बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। ब्यावरा और बीनागंज के दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। होटल का सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लगभग ₹40 लाख का नुकसान होने का अनुमान है।