राजगढ़

राजगढ़ में जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का ओपिनियन पोल, बॉक्स में डलवाए जनता के मत

Congress Opinion Poll: राजगढ़ में सड़क पर उतरी कांग्रेस, नगर के मुख्य बाजार की सड़क, कचरा और कर्मचारियों के वेतन को लेकर तीन सवालों पर कराया पोल।
2 min read
• •
Oct 04, 2026
Rajgarh Congress Opinion Poll
Rajgarh Congress Opinion Poll, बाजार में ओपिनियन पोल कराते कांग्रेस नेता (Source- Patrika)

Rajgarh Congress Opinion Poll: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में नगर परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस ने अब शहर के चौराहों पर अनोखा प्रदर्शन शुरू किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता ठेला लेकर अलग-अलग स्थानों पर पहुंच रहे हैं और आम नागरिकों से शहर की समस्याओं को लेकर स्वतंत्र मतदान करवा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने इसके लिए अलग-अलग बॉक्स बनाए हैं, जिनमें लोग अपनी राय के अनुसार मत डाल रहे हैं।

ओपिनियन पोल में नागरिकों के सामने तीन सवाल

पहला- क्या नगर के मुख्य बाजार की सड़कें बनना चाहिए?
दूसरा- क्या मुख्य बाजार में जगह-जगह पड़ा रहने वाला कचरा हटना चाहिए?
तीसरा- क्या राजगढ़ के सफाईकर्मियों और नगर परिषद कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना चाहिए?

कांग्रेस का आरोप है कि कर्मचारियों को तीन-तीन माह तक वेतन नहीं मिलने की स्थिति बनीं रहती है। इन्हीं बिंदुओं पर सीधे पोल कराया जा रहा है।

लोगों की राय सीधे सामने लाने का प्रयास

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि मतदान के जरिए शहर के लोगों की राय सीधे सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। चौराहों पर लगाए गए इन बॉक्स में आम नागरिक भी अपनी राय दर्ज कर रहे हैं और नगर की समस्याओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष नयन विजयवर्गीय, अशोक वर्मा, विजय पाल भाटी, एतेहश्याम सिद्दीकी, पार्षद मोहित तंवर, जगमोहन वर्मा, लोकेश दुबे, राहुल संजोदिया, कुशाग्र पंचोली, प्रवीण नामदेव, राज मेवाड़े और देवेंद्र विजयवर्गीय सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे। बता दें कि कांग्रेस की ओर से इस ओपिनियन पोल की तैयारी कुछ दिन पहले से की जा रही थी। शहर में प्रचार-प्रसार कर लोगों को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा पहले ही ओपनियन पोल के बारे में जानकारी भी दी गई थी। जिससे कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस ओपनियन पोल के जरिए अपनी राय व्यक्त कर सकें। रविवार को तय कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस ने ओपनियन पोल का आयोजन किया।

Updated on:
04 Oct 2026 08:57 pm
Published on:
04 Oct 2026 08:40 pm