राजगढ़

‘बीवी-बच्चों से प्यार है या नहीं… रुपए नहीं दिए तो जेल जाओगे’, राजगढ़ में साइबर ठग ने डराकर बेचवा दिया घर का सामान

Cyber Fraud Case: भोपाल साइबर सेल का अधिकारी बनकर करता रहा कॉल, वसूले 60 हजार रुपए, डर के कारण कई दिन तक खाना नहीं खा पाया पीड़ित।
2 min read
Jul 12, 2026
RAJGARH
cyber fraud case fake police officer duped auto driver, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर

Rajgarh Cyber Fraud Case: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत लगातार जागरूकता के बावजूद जिले में साइबर ठगी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। इस बार राजगढ़ के एक ऑटो चालक को भोपाल साइबर सेल का अधिकारी बनकर ठगों ने ऐसा डराया कि उसने 60 हजार रुपए जुटाने के लिए पहले घर का फ्रिज और फिर अपना ऑटो तक बेच डाला। ठग ने उसे अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाते हुए जेल भेजने की धमकी दी और अलग-अलग किस्तों में रुपए वसूल लिए। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।

रील देखते वक्त आया कॉल

पीड़ित ने पत्रिका को बताया कि वह मोबाइल पर रील देख रहा था। इसी दौरान एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को भोपाल साइबर सेल का अधिकारी बताते हुए कहा कि उसने हाल ही में अश्लील वीडियो देखा है, जो गंभीर अपराध है। इसके बाद उसे धमकाया गया कि उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज हो चुका है और जल्द ही जेल भेज दिया जाएगा।

'बीवी-बच्चों से प्यार है या नहीं…' कहकर बढ़ाया डर

पीड़ित के अनुसार ठग बार-बार कॉल कर मानसिक दबाव बनाता रहा। उसने कहा, तुम्हें डर नहीं लगता क्या, अपने बीवी-बच्चों से प्यार है या नहीं? अगर तुरंत रुपए नहीं डाले तो जेल जाना पड़ेगा। लगातार मिल रही धमकियों से वह इतना घबरा गया कि कई दिनों तक ठीक से खाना नहीं खा सका और रात में नींद भी नहीं आई।

पहले फ्रिज बेचा, फिर ऑटो, तब भी नहीं रुकी ठगी

रुपयों की व्यवस्था करने के लिए पीड़ित ने पहले घर का फ्रिज बेच दिया। इसके बाद भी रकम कम पड़ने पर अपना ऑटो भी बेच दिया। उसने अलग-अलग माध्यमों से ठगों के खाते में कुल 60 हजार रुपए भेज दिए। इनमें एक बार 20 हजार रुपए फोन-पे से, 24 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए, जबकि शेष राशि दो से तीन हजार रुपए की किस्तों में भेजी गई।

व्हाट्सएप पर भेजा '10 साल की जेल' का फर्जी आदेश

ठग ने पीड़ित के व्हाट्सएप पर एक फोटो भेजकर लिखा कि उसे 10 साल की जेल की सजा हो गई है। इसके बाद फिर कॉल कर कहा कि अब किसी मोबाइल दुकान पर जाकर मोबाइल का सॉफ्टवेयर अपडेट करा लो। आशंका है कि ठग मोबाइल का डेटा या सबूत मिटवाना चाहता था।

एसपी कार्यालय पहुंचा तो फिर आया कॉल

पीड़ित ने बताया कि उसने सभी कॉल, फोटो और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख लिए हैं। जब उसने अपने एक मित्र को पूरी घटना बताई तो वह उसे लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा। वहां मौजूद रहते हुए ठग का दोबारा कॉल आया। इस बार एक पुलिसकर्मी ने फोन उठाया तो आरोपी ने तुरंत कॉल काट दिया। मामले में पुलिस को आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है।

Updated on:
12 Jul 2026 09:57 pm
Published on:
12 Jul 2026 09:56 pm