
Satya Sanatan Swabhiman Yatra: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा सोमवार शाम को सातवें दिन राजगढ़ जिले के सारंगपुर पहुंची। उज्जैन से 20 अक्टूबर को शुरू हुई यात्रा के यहां पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बैंड, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से स्वागत किया। जनसभाओं और संवाद के दौरान दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित गड़बड़ी, मतदाता सूची और ईवीएम की निष्पक्षता को लेकर भाजपा, केंद्र व राज्य सरकार और विश्व हिंदू परिषद पर निशाना साधा।
दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि धर्म और आस्था के नाम पर जुटाए गए चंदे में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी गड़बड़ियां श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और आस्था को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर दिया।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने कहा कि यात्रा से प्रतिदिन हजारों लोग जुड़ रहे हैं। उन्होंने इसे आम जनता की समस्याओं और सरकारी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का मंच बताया। यात्रा में किसानों की परेशानियों का मुद्दा भी उठा। सिंह ने किसान कल्याण वर्ष के सरकारी दावों पर सवाल करते हुए कहा कि किसान समय पर खाद और गुणवत्तापूर्ण बीज के लिए परेशान हैं। बोवनी के समय सोसायटियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं और मंडियों में उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा।
सारंगपुर में यात्रा कशिश होटल से शुरू होकर मधुरम ढाबा, गोपालपुरा, आगर नाका, इंदौर नाका, अखिलेश राठी आरआर प्रतिष्ठान, एलोरा और मुख्य बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों से गुजरी। रास्ते में स्थानीय नेताओं, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। फुल माली महापंचायत ने भी सम्मान किया। यात्रा राठी मांगलिक परिसर पहुंची, जहां दूसरे चरण के समापन पर कबीर सभा आयोजित की गई।