26 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajgarh News : ‘रोटियां कांग्रेस में सेंकीं, भाजपा में खा रहे मलाई’ विधायक पर भड़के एमपी के पूर्व मंत्री

Rajgarh News : दिग्विजय सिंह की यात्रा धर्म की आड़ में भ्रष्टाचार करने वालों का भी जनाजा निकालेगी और कब्र तक ले जाएगी, दिग्विजय को लेकर भाजपा विधायकों के जनाजे वाले बयान पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष का पलटवार, जल जीवन मिशन में गड़बड़ी के लगाए आरोप
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

राजगढ़

•

image

deepak deewan

•

Updated: 26 Oct 2026, 2:11 PM IST

पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह

पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह image patrika

Rajgarh News : पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को लेकर राजगढ़ जिले के भाजपा विधायकों की टिप्पणियों पर प्रदेश के पूर्व मंत्री व कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने सोमवार को तीखा पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में धर्म की आड़ में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। सिंह ने कहा कि दिग्विजय सिंह की यात्रा ऐसे लोगों को जवाब देगी और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाएगी। जिला मुख्यालय पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व मंत्री बालासाहेब थोरात (महाराष्ट्र) और प्रियव्रत सिंह ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ के विषय पर प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान दिग्विजय सिंह की यात्रा और भाजपा विधायकों के जनाजे वाले बयान पर तंज कसा।

हम भोपाल में निकाले जनाजे की तो बात ही नहीं कर रहे-

भाजपा विधायकों पर निशाना साधते हुए सिंह ने जिले में जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जिस व्यक्ति के विधायक रहते जल जीवन मिशन जैसी योजना राजगढ़ जिले में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई, उनका जनाजा तो जल निगम के जीएम ने भी निकाल दिया।” सिंह ने आगे कहा, “अब सुनने में आया है कि दांत तोड़… फॉर्च्यूनर फोड़, लोग हम पर उंगलियां उठाएंगे। मैं उन्हें स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा न सिर्फ आपका जनाजा निकालेगी, बल्कि भाजपा में जो लोग धर्म की आड़ में भ्रष्टाचार कर रहे हैं, उन्हें भी कब्र तक पहुंचाने का काम करेगी।” उन्होंने दावा किया कि राजगढ़ की जनता 2028 में ऐसे नेताओं को जवाब देगी।

‘रोटियां कांग्रेस में सेंकीं, अब भाजपा में मलाई खा रहे’

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि एक माननीय (विधायक) हैं, जो हमारी पार्टी में भी मलाई खाते रहे। उम्र के कारण उनकी मतिभ्रम की स्थिति हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्री रहते जनहितकारी योजनाओं के लिए भेजी गई राशि का दुरुपयोग किया गया और जनता तक उसका पूरा लाभ नहीं पहुंचा। सिंह ने कहा कि कुछ लोग कांग्रेस सरकार के समय भी अपने हित साधते रहे और अब भाजपा में रहकर भी कमीशनखोरी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों ने मलाई खाई और चापलूसी के जरिए अपने हित साधे। उन्होंने कहा, “ये न दिग्विजय सिंह के हैं, न शिवराज सिंह के, न मोहन यादव के और न भाजपा के, न कांग्रेस के। राजगढ़ की जनता सब जानती है और 2028 में इनका जनाजा निकालेगी।”

मतदाता सूची पर भी कांग्रेस की तैयारी-

राजनीतिक बयानबाजी के बीच जिला कांग्रेस कमेटी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के निर्देश पर दो माह के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को जिले में प्रभावी ढंग से चलाने की तैयारी की है। जिला कांग्रेस कमेटी का कहना है कि मतदाता सूची से किसी भी पात्र नागरिक का नाम मनमाने ढंग से हटाया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है। पार्टी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की आशंकाओं और सूची में संभावित विसंगतियों को अभियान का प्रमुख मुद्दा बनाया है। अभियान के तहत जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक बैठकें, जनसंपर्क कार्यक्रम, प्रेस वार्ताएं और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल’ आयोजित की जाएंगी। बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), बूथ अध्यक्षों, मंडल एवं ब्लॉक पदाधिकारियों तथा ‘वोट रक्षक’ स्वयंसेवकों के समन्वय से मतदाता सूची का बूथवार सत्यापन किया जाएगा। कांग्रेस के अनुसार, नाम हटाए जाने या अन्य विसंगतियां मिलने पर संबंधित दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार दावा-आपत्ति की प्रक्रिया अपनाने के लिए मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।