राजगढ़

भांजे की मौत की खबर से उज्जैन में मौसी को लगा सदमा, निधन

Nephew Aunty Death: राजगढ़ के युवक की मौत की खबर मिलते ही उज्जैन में रहने वाली मौसी की सदमे में मौत, मौसी-भांजे की मौत से परिवार में पसरा मातम।
2 min read
• •
Oct 12, 2026
Family Tragedy Nephew Aunty Death
Family Tragedy Nephew Aunty Death, मृतक अजय शर्मा व श्यामा बाई की जीवित अवस्था की तस्वीरें (Source-Patrika)

Family Tragedy Nephew Aunty Death: सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या पर स्नान के लिए मध्यप्रदेश के उज्जैन गए राजगढ़ निवासी 30 वर्षीय अजय शर्मा का शव नरसिंह घाट पर मिला। भांजे की मौत की खबर सुनते ही उज्जैन में रहने वाली उसकी मौसी श्यामाबाई को सदमा लगा और उनकी भी मौत हो गई। घटना से परिवार में शोक छा गया। बताया जाता है कि मौसी उसे बेटे की तरह रखती थीं, उससे काफी लगाव था, इसलिए यह सदमा नहीं सह पाईं।

उज्जैन में अजय की मौत

पुलिस के अनुसार, अजय अपने दोस्त और उसकी पत्नी के साथ उज्जैन गया था। स्नान के दौरान दोस्त और उसकी पत्नी ने नदी में स्नान कर लिया, जबकि अजय ने कहा कि मैं बाद में नहाऊंगा, आप लोग दर्शन कर आओ। दोनों स्नान कर लौटे तो अजय वहां नहीं मिला। दिनभर तलाश के बाद शाम को परिजनों को सूचना दी गई। अजय का मोबाइल भी बंद आ रहा था। इसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। राजगढ़ में भी शिकायत की गई। इसी बीच पुलिस को दो शव मिलने की जानकारी मिली। परिजनों को पहचान के लिए बुलाया गया, जहां एक शव की पहचान अजय के रूप में हुई। उसका शव नरसिंह घाट पर मिला। उज्जैन की महाकाल थाना क्षेत्र में पोस्टमॉर्टम कराया गया। अजय की करेड़ी में बर्तन की दुकान है, सामान्य तौर पर ही वह दोस्त के साथ क्षिप्रा नदी में स्नान के लिए उज्जैन गया था।

मौत की खबर से मौसी ने भी दम तोड़ा

अजय की मौसी श्यामा बाई उज्जैन में रहती थीं और उसे बेटे की तरह स्नेह करती थीं। अजय की मौत की खबर मिलने के बाद उन्हें अटैक आया और उनकी भी मौत हो गई। इधर, परिजन का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि यह पूरा घटनाक्रम आखिर कैसे हो गया? पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अजय किन परिस्थितियों में डूबा। शव मिलने के आधार पर मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
12 Oct 2026 07:20 pm
Published on:
12 Oct 2026 07:19 pm