Liquor shops looted: एमपी के राजगढ़ में हाइवे के पास बदमाशों ने ढ़ाई घंटे में 15 किमी में 4 शराब दुकानों से 3 लाख से ज्यादा माल गायब किया।
Liquor shops looted: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से सनसनीखेज वारदात का मामला सामने आया है। ब्यावरा शहर के एबी रोड पर बीती रात चोरों ने एक साथ शराब की चार दुकानों से लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी वाली बात ये है कि ये पूरी वारदात सिर्फ ढ़ाई घंटे भीतर हुई। मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
कांचरी जोड़ से लेकर पड़ोनिया चौराहे तक करीब 15 किमी के दायरे में स्थित इन दुकानों को बदमाशों ने निशाना बनाया। महज ढ़ाई घंटे के भीतर एक ही पैर्टन पर कैश व नकदी चुराया। घटना रात 2 से साढ़े 4 बजे के बीच की है। सिलसिलेवार हुईं इन वारदातों में चारों दुकानों से तकरीबन 3 लाख रुपए से ज्यादा नकदी और शराब दुकान कर्मचारियों के मोबाइल ले गए। चारों वारदातों को एक ही गैंग के अंजाम देने की बात सामने आ रही है। चारों वारदातें सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है। इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। वहीं सिलसिलेवार वारदातों से हाइवे पर स्थित अपनी दुकानों की सुरक्षा को लेकर लोग खासे चिंतित है। इन वारदातों में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि, चारों शराब दुकानों में कर्मचारी सोते रहे लेकिन उन्होंने बदमाशों के अंदर दाखिल होने व वारदात को अंजाम देने की भनक तक नहीं लगी।
देहात थाना पुलिस के अनुसार, हाइवे पर कांचरी जोड़ स्थित विनोद शिवहरे की शराब की दुकान पर पहुंचे बाइक सवारों बदमाशों में से एक व्यक्ति पीछे से दुकान के चद्दर काटकर अंदर दाखिल हुआ और 11 हजार से ज्यादा नकदी चुराकर ले गया। इसके बाद चमारी जोड़ स्थित बनेसिंह पंवार की शराब दुकान में भी गैंग ने इसी पैर्टन पर वारदात को अंजाम दिया। जहां से करीब 2 लाख रुपए से ज्यादा नकदी व कर्मचारियों के मोबाइल फोन, विश्वनाथ कॉलोनी के रेलवे स्टेशन तिराहा पर गोपाल शिवहरे की शराब दुकान से भी करीब 50 हजार से ज्यादा नकदी और पड़ोनिया स्थित विनोद शिवहरे की शराब दुकान से 21 हजार रुपए नकदी व कर्मचारियों के मोबाइल फोन चुराकर ले गए। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हाइवे पर चार शराब की दुकानों से करीब ढ़ाई लाख रुपए नकदी और मोबाइल चोरी की घटनाएं सामने आई है। वारदात को एक ही गैंग ने और एक ही पैर्टन पर अंजाम दिया है। हम फुटेज के आधार पर आरोपियों का सुराग लगाने की कोशिश कर रहे हैं।- प्रवीण जाट, थाना प्रभारी देहात ब्यावरा