राजगढ़

‘प्रेमी से शादी की जिद’ राजगढ़ में टॉवर पर चढ़ी युवती, युवक की रजामंदी के बाद उतरी नीचे

Girl Climbs Mobile Tower: पुलिस और अधिकारियों के समझाने के बाद भी नहीं मानी युवती, प्रेमी ने शादी करने का वादा किया तो टॉवर से उतरी।

2 min read
May 28, 2026
girl climbs mobile tower demanding marriage

Rajgarh Love Affair Drama: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में शोले स्टाइल में हुआ ड्रामा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना जिले के सुठालिया की है जहां वार्ड क्रमांक-5 में गुरुवार शाम को प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती की जिद थी कि वो अपने प्रेमी से ही शादी करेगी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने युवती को समझाने की काफी कोशिश की लेकिन वो नहीं मानी। आखिर में मौके पर पहुंचे युवती के प्रेमी ने जब उससे शादी का वादा किया तो युवती का गुस्सा शांत हुआ और वो टॉवर से नीचे उतरी।

देखें वीडियो-

ये भी पढ़ें

एमपी में 4 लाख शिक्षकों और छात्रों के लिए अच्छी खबर, बढ़ सकती हैं गर्मियों की छुट्टियां

प्रेमी से शादी की जिद में टॉवर पर चढ़ी युवती

सुठालिया नगर में गुरुवार शाम को उस वक्त लोग हैरान रह गए जब उन्होंने सलवार सूट पहनी एक युवती को ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ा देखा। लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए कहा और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवती को समझाने की कोशिश करते हुए उससे नीचे उतरने के लिए कहा तो युवती ने जवाब दिया कि वो तब तक नीचे नहीं उतरेगी जब तक उसका प्रेमी उससे शादी करने के लिए राजी नहीं हो जाता।

प्रेमी ने किया शादी का वादा

करीब आधे घंटे तक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ी रही और ये ड्रामा चलता रहा। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब आधे घंटे बाद जब युवती का प्रेमी मौके पर पहुंचा और उससे शादी करने का वादा किया तो युवती का गुस्सा शांत हुआ और वो टॉवर से नीचे उतरी। बताया जा रहा है कि युवती का लंबे समय से क्षेत्र के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रेमी जोड़ा पहले भी घर से भागने का प्रयास कर चुका है, लेकिन तब दोनों के परिजन उन्हें समझाकर वापस ले आए थे। युवती के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर समझाइश दी गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टॉवर पर चढ़कर हंगामा किए जाने का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया है। कुछ लोगों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने तो कमेंट में लिखा है कि वीरू को शादी के लिए मनाने के लिए आज के समय में बसंती को टॉवर पर चढ़ना पड़ा।

ये भी पढ़ें

जबलपुर में होटल ‘सुकून’ में युवक के साथ संदिग्ध हालात में पकड़ाई युवती निकली डॉक्टर
Published on:
28 May 2026 09:48 pm
Also Read
View All