राजगढ़

राजगढ़ में 2 सेकंड रुक जाता कार वाला तो, दो बच्चों के सिर से नहीं उठता पिता का साया

Guest Teacher Accident: कार चालक ने अचानक दरवाजा खोला, दरवाजा से टकराकर गिरे अतिथि शिक्षक के ऊपर से गुजरा ट्रैक्टर, मौत।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 6:48 PM IST
rajgarh accident
guest teacher killed after car door hit bike tractor runs over him, एआई से बनाई गई कार की तस्वीर और मृतक रामबाबू वर्मा की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source-patrika+chatgpt)

Rajgarh Guest Teacher Accident: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में बुधवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने दो बच्चे से उसके पिता को छीन लिया। घटना जिले के बोड़ा क्षेत्र की है जहां कार चालक की लापरवाही के कारण पीछे से आ रहे बाइक सवार अतिथि शिक्षक की मौत हो गई। कार के दरवाजे से टकराकर अतिथि शिक्षक बाइक सहित सड़क पर गिर गए और तभी सामने से आ रहा ट्रैक्टर उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में गंभीर घायल अतिथि शिक्षक को अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

कार चालक की लापरवाही से हादसा

रोजाना की तरह बुधवार को भी सुबह अतिथि शिक्षक रामबाबू वर्मा (45) लसूड़िया जागीर से बाइक से करीब 40 किमी दूर स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय बोरखेड़ा जागीर के लिए घर से निकले थे। लेकिन बोड़ा चौराहे पर एक चालक की लापरवाही ने उनके लिए मौत बन गई। दरअसल जैसे ही रामबाबू वर्मा बोड़ा स्थित विद्युत मंडल के पास पहुंचे तो सड़क किनारे खड़ी कार के चालक ने अचानक से ड्राइवर साइड का गेट खोल दिया। गेट खुलते ही पीछे से आ रहे रामबाबू वर्मा कार से टकराकर बाइक सहित रोड पर गिर गए। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही सामने से आ रहा एक ट्रेक्टर रामबाबू वर्मा के ऊपर से गुजर गया, गंभीर रुप से घायल रामबाबू को तुरंत मौके पर मौजूद लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे, डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी में कैद हुई है, फुटेज में दिख रहा है कि कार धीमी होकर रुकती है और फिर बिना पीछे देख कार का ड्राइवर अचानक गेट खोल देता है। तभी तेज रफ्तार में पीछे से आ रहे शिक्षक का संतुलन बिगड़ जाता है और वो कार के गेट से टकराकर रोड पर गिर जाते हैं और ट्रैक्टर उन पर से गुजर जाता है। घटना की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली दोनों वाहनों को जब्त कर मर्ग कायम कर लिया है।

ऑनलाइन अटेंडेंस का दबाव और लंबा सफर

मृतक रामबाबू वर्ष 2022-23 से वर्ग-2 सामाजिक विज्ञान के पद पर बोरखेड़ा जागीर में सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि समय पर स्कूल पहुंचकर ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज कराने की जल्दबाजी में वे रोजाना लंबा सफर तय करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद सामान्य है और शिक्षक ही घर संभालते थे। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र और शिक्षा जगत में गहरा शोक छा गया है।

Updated on:
4 Nov 2026, 6:48 PM IST
Published on: