
Rajgarh JEE Family Dispute: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर की मूंदड़ा कॉलोनी में गुरुवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब बिजली कंपनी के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) की दूसरी पत्नी उन्हें तलाशते हुए उनके निवास पर पहुंच गईं। यहां घर के अंदर एक अन्य महिला के मौजूद होने की जानकारी मिलने के बाद विवाद बढ़ गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामला शांत कराया।
मुरैना जिले के आंबाह निवासी जेई की पहली पत्नी उनके पैतृक निवास पर रहती हैं। वहीं ग्वालियर जिले की डबरा निवासी महिला से उनका दूसरा विवाह हुआ था। दोनों के बीच बाद में विवाद हो गया और वर्तमान में न्यायालय में भरण-पोषण का मामला विचाराधीन है। आरोप है कि जेई न तो न्यायालय की पेशी पर पहुंचे और न ही भरण-पोषण राशि का भुगतान किया। इसी के चलते दूसरी पत्नी अपने एक रिश्तेदार के साथ जेई को तलाशते हुए जीरापुर पहुंची थी।
घर के पास ही उनका जेई से आमना-सामना हो गया। इसी दौरान दूसरी पत्नी को पता चला कि जेई के निवास पर एक अन्य महिला भी मौजूद है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला हंगामे तक पहुंच गया। घर के बाहर विवाद होता देख आसपास के लोग एकत्र हो गए। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को जीरापुर थाने ले गई, जहां समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।
rajgarh je newsघटना के बाद दूसरी पत्नी और जेई की ओर से थाने में आवेदन दिए गए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर विवाद और परेशान करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले को जांच में लिया है। गुरुवार देर रात तक किसी भी पक्ष की ओर से प्रकरण दर्ज नहीं किया गया था। जीरापुर थाना प्रभारी हुकुमचंद मीणा ने बताया कि जेई का उनकी डबरा क्षेत्र निवासी पत्नी के साथ भरण-पोषण का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पेशी और भरण-पोषण से जुड़े विवाद के चलते उनकी पत्नी जीरापुर आई थीं। दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुए हैं, मामले की जांच की जा रही है।