
घटना स्थल पर जांच करती पुलिस टीम (फोटो सोर्स: Patrika)
Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में जान लेने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, यहां एक 21 साल के युवक ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका को न सिर्फ बेरहमी से मार दिया, बल्कि खुद भी ट्रक की चपेट में आकर जान दे दी। कॉल डिटेल्स और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस पहुंची तो सात दिन बाद खराब हालत में लड़की का शव मिला। मौके पर पुलिस को आरी भी मिली है। साथ ही एक पेड़ पर रस्सी भी लटकी थी। लेकिन उन तमाम प्रयासों में सफल न होने पर युवक रास्ते पर एक ट्रक से जा टकराया।
जानकारी के अनुसार राजगढ़ कोतवाली थाने में 30 सितंबर को 17 साल की नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। परिजन ने पुलिस को संदेही युवक के बारे में बताया। इसके बाद पता चला कि, उसी दिन मलावर थाना क्षेत्र के पगारी बंग्ला के पास उसका एक्सीडेंट हो गया। ट्रक से उसकी बाइक टकरा गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। युवक नरसिंहगढ़ के जामोन्या गणेश का रहने वाला था। बताया जाता है कि, अनुराग उर्फ अंकित निवासी जामोन्या गणेश और उक्त नाबालिग का प्रेम प्रसंग चल रहा था। पहले वो करेड़ी आकर उसे भगा ले गया, फिर कुछ कहासुनी हुई तो मलावर के जंगल में उसे मार दिया। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
अपहरण का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। युवक के कॉल डिटेल्स के आधार पर पता चला कि, उसकी आखिरी लोकेशन उक्त जंगल में थी। इधर, नाबालिग के परिजन लगातार पुलिस से कह रहे थे कि, उक्त युवक और उसके परिजन को पकड़कर उनसे पूछताछ की जाए। इधर, टॉवर लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस जंगल पहुंची तो वहां उन्हें सात दिन पुराना शव बेहद खराब स्थिति में मिला।
इस पूरे मामले में मृतक अनुराग का एक रिश्तेदार भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस कॉल रिकॉर्ड के आधार पर तफ्तीश करते हुए उक्त संदेही तक भी पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि, वो लड़की को लेकर जंगल की तरफ गया था। जब वो लौटकर आया तो उसने बताया कि, मैंने उसे मार दिया, अब मैं जा रहा हूं। कुछ दूर जाकर वो भी ट्रक से टकरा गया। फिलहाल, पूरे मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है और न ही किसी ने अलग से शिकायत की है। पुलिस ने अपहरण के मामले और बाइक एक्सीडेंट के मर्ग के आधार पर जांच शुरू की थी। इसके बाद अब मामले के एक-एक बिंदु की जांच की जा रही है।
Updated on:
06 Oct 2026 07:41 pm
Published on:
06 Oct 2026 07:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
