
Road accident in mp: मध्यप्रदेश के ब्यावरा में ओल्ड एबी रोड बस स्टैंड के सामने सुबह करीब 6.30 बजे एक भीषण हादसा हो गया। जिसमें एक बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। बेलगाम और तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी, इतना ही नहीं बाइक सहित चालक को कुचलते हुए करीब सौ मीटर तक घसीटते हुए ले गया। जिससे बाइक सवार का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सिटी पुलिस के अनुसार घटना में मांगीलाल (55) पिता अमरसिंह सौंधिया निवास अरनिया की मौत हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना दर्दनाक था कि बाइक सवार पहिए से बुरी तरह कुचला गया, लेकिन ट्रक चालक ने वाहन रोकने की बजाए भागने के चक्कर में काफी दूर तक घसीटा। जिससे शरीर बुरी तरह कुचला गया। घटना को देख आसपास के लोगों ने ट्रक का पीछा किया तो चालक रोककर मौके से फरार हो गया। इसके बाद सूचना पर पहुंची तब युवक को बचाने कि लिए 1 मिनट भी नहीं मिले। पुलिस और लोगों की मदद से ट्रक के पहिए में फंसे मृतक के क्षतविक्षत शरीर को निकाला गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया, वहीं मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
बताया जा रहा है कि मांगीलाल रोजाना गांव से अलसुबह दूध खरीदने ब्यावरा आता था, लेकिन रविवार को हादसे ने उसकी जान ले ली। ग्रामीणों के अनुसार मांगीलाल बेहद की गरीब है, जमीन नहीं होने से जैसे-तैसे अरनिया में प्लॉट खरीद घर बनाया, करीब तीन साल पहले ही बापची गांव से अरनिया रहने आया था। ड्राइवरी कर घर चलाता था। तीन बेटे है, जिनमें से एक की शादी हो गई। वहीं एक बेटा मानसिक रूप से कमजोर भी है, जबकि छोटा बेटा भी मजदूरी करता है। हादसे में पूरे परिवार को गहरा जख्म दिया है, मौत से पत्नी और बेटों का रो-रोककर बुरा हाल है।
घटना ट्रक एमपी 09 एचजी 9754 से हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक कोई नाबालिग लड़का चला रहा था। घटना के बाद चालक मौके से फरार भी हो गया, हालांकि पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है, लेकिन चालक अभी अज्ञात ही माना है। यदि चालक नाबालिग है तो ये आरटीओ की बड़ी लापरवाही है। वहीं भारी वाहनों की आवाजाही शहरीय क्षेत्र से बाहर करने और ट्रैफिक व्यवस्था सुगम बनाने नया सुठालिया बायपास बनाया गया है।
भारी वाहनों की शहरीय क्षेत्र में नौ एंट्री है, फिर लोडिंग ट्रक मुख्य बाजार और शहरीय क्षेत्र में कैसे पहुंच रहे है। जिसके कारण रोजाना बस स्टैंड क्षेत्र में ट्रैफिक जाम रहता है, कई बार पहले भी हादसे हुए है, लेकिन कोई ध्यान देने वाला नहीं है। ऐसे में इस हादसे ने परिवहन विभाग से लेकर पुलिस-प्रशासन सहित पूरे सिस्टम की पोल खोल दी है। जिसको लेकर क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन सहित जिम्मेदारों को लोग सोशल मीडिया पर ट्रोल भी करते रहे।