राजगढ़

MP में फर्जी आईएएस-आईपीएस की आईडी से ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, कई जिलों में था वांटेड

MP News: एंटी करप्शन ब्यूरो के नाम पर ठगी करने वाला शातिर आरोपी ब्यावरा में पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया। नकली आईडी, अफसरों की फर्जी पहचान और नाटकीय गिरफ्तारी ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
2 min read
Jan 20, 2026
mp news fake ACB officer arrested fake IAS-IPS ID Cards seized in bioara
fake ACB officer arrested in bioara (फोटो-Patrika.com)

MP News:ब्यावरा में एंटी करप्शन ब्यूरो के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले शातिर ठग को पुलिस ने नाटकीय घटनाक्रम में गिरफ्तार (fake ACB officer arrested) कर लिया। आरोपी कई आइएएस व आइपीएस, सीआईएसएफ कमांडेंट, तहसीलदार लेकर अन्य अधिकारियों- कर्मचारियों के पद नाम से खुद के कई फर्जी आई कार्ड (fake IAS-IPS ID Cards) भी रखता था। जिनके जरिए वह लोगों को ठगी का शिकार बनाता था।

बड़ी संख्या में आरोपी से तमाम अफसरों के पदनाम से बने खुद के फर्जी पहचान पत्र भी पकड़ाने की बात सामने आ रही है। टीआई वीरेंद्र धाकड़ के अनुसार, तीन साल पुराने वारंट में फरार चल रहे आरोपी दिनेश पुत्र ओमप्रकाश सोनी 35 साल निवासी भगोरा हाल मुकाम बारकोसिटी ब्यावरा को उसी के घर से बीती रात नाटकीय घटनाक्रम में गिरफ्तार किया है।

2022 से पुलिस कर रही थी तलाश

2022 के चेक बाउंस मामले आरोपी के खिलाफ वारंट था। जिसकी लंबे समय से पुलिस तलाक कर रही थी। आरोपी के ब्यावरा में होने की सूचना पर रविवार रात को पुलिस उसके घर पहुंची तो वह फोर्स देखकर घबराया। खुद को बचाने के लिए अंदर से घर का दरवाजा बंद कर छिप गया। इस दौरान आरोपी दरवाजा खुलवाने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मियों को नियम बताते हुए बहस करने लगा। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर ग्राइंडर से दरवाजा काटकर पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कॉलोनी में मची अफरा तफरी

देर रात हुई इस कार्रवाई से इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल भी रहा। पुलिस आरोपी के घर के बाहर खड़ी एंटी करप्शन ब्यूरो लिखी हुई जीप को भी थाने लेकर आई है। पूछताछ के बाद सोमवार शाम को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

ठगी के 19 से ज्यादा अपराध दर्ज, 8 वारंट भी है

बताया जाता है कि, उक्त शातिर ठग के खिलाफ ठगी व धोखाधड़ी सहित अन्य मामलों में राजगढ़ व गुना सहित मप्र के कई जिला व अलग- अलग राज्यों में 19 अपराध दर्ज है। इन्हीं अपराधों में से उसके खिलाफ 8 वारंट भी तमाम जिलों की अदालत से जारी हुए हैं। पुलिस फिलहाल आरोपी का विस्तृत आपराधिक रेकॉर्ड खंगाल रही है ताकि जांच आगे बढ़ाई जा सके। (MP News)

Updated on:
20 Jan 2026 12:19 am
Published on:
20 Jan 2026 12:18 am