राजगढ़

एमपी में भाजपा नेता को रास्ते की जमीन का कब्जा दिलाने का आरोप, किसान का वीडियो वायरल

MP News: किसान के परिजनों का आरोप- अपील की सुनवाई किए बगैर ही अफसरों ने भाजपा नेता को कब्जा दिलाने जारी कर दिए आदेश।

2 min read
Apr 04, 2026
farmer video bjp leader land dispute sdm controversy

MP News: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में एक एसडीएम पर किसान ने गंभीर आरोप लगाए हैं। किसान का आरोप है कि एसडीएम ने भाजपा नेता को रास्ते की जमीन का कब्जा दिलाया है। किसान ने एक वीडियो बनाकर एसडीएम पर ये आरोप लगाए हैं। वीडियो में किसान शराब की बोतल और जहर की शीशी भी लिए हुए है और आत्महत्या करने की बात कह रहा है। किसान का वीडियो वायरल होने के बाद जिले के अफसरों में हड़कंप मच गया और परिवार सहित पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। किसान बेहोशी की हालत में कार में मिला है जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें

एमपी में तीन मंजिला बिल्डिंग भर भराकर गिरी, मलबे में एक शव मिला, 5 घायलों का रेस्क्यू

किसान के वीडियो से मचा हड़कंप

ब्यावरा के मलावर के खेड़ी गांव में रहने वाले किसान बलबहादुर सिंह चौहान ने शनिवार को एक 6 मिनट 36 सेकंड का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। वीडियो में किसान आम रास्ते पर कथित कब्जे के विरोध में एक किसान द्वारा जहर खाकर खुदकुशी करने की बात कह रहा है। किसान का आरोप है कि मलावर-जामी रोड के आम रास्ते पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष व भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष लखन सिंह सौंधिया मकान बना रहे हैं और ब्यावरा एसडीएम ने उन्हें जमीन का कब्जा दे दिया है। किसान का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया और परिवार के लोग व पुलिस किसान की तलाश में जुटी। आखिरकार किसान अपनी कार में एबी रोड पर कालीपीठ जोड़ के पास बेहोशी की हालत में मिला। परिजन व पुलिस उसे लेकर तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया है। जहां पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

यह है पूरा मामला

दरअसल ब्यावरा अनुविभाग के मलावर टप्पे में जामी व खेड़ी गांव के बीच की भूमि का है। उक्त जमीन के पीछे किसान बलबहादुर सिंह की करीब पौन बीघा जमीन है। इसके आगे आम रास्ते से पूर्व में उनका व उनके परिजन का आना-जान था। पीड़ित किसान के परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले नायब तहसीलदार कोर्ट ने रास्ते की जमीन पंचायत की होने का आदेश पारित किया था। आरोप है कि बाद में उक्त रास्ते की जमीन को भाजपा नेता ने पंचायत व राजस्व अफसरों से सांठगांठ कर अपने नाम करा लिया। अब वह उक्त रास्ते पर मकान बना रहा है। किसान ने एसडीएम कोर्ट में अपील की है जिसकी सुनवाई की तारीख 10 अप्रैल तय है। लेकिन आरोप है कि अफसरों से सांठगांठ कर रास्ते की जमीन का कब्जा भाजपा नेता को दिला दिया गया है।

किसान ने सिर्फ शराब पी है- एसडीएम

एसडीएम ब्यावरा गोविंद कुमार दुबे का कहना है कि हमारे पास भी सूचना आई है, किसान ने सिर्फ शराब पी रखी थी। उसे भर्ती कराया है, जहर पीने वाली बात गलत है। किसी के आरोप लगाने से कौन कुछ होता है, 10 अप्रैल की तारीख लगी है, सुनवाई कर जो भी सही पाया जाएगा फैसला दिया जाएगा। वहीं टीआई शहर ब्यावरा वीरेन्द्र सिंह धाकड़ ने बताया कि किसान ने वीडियो वायरल किया था। लोकेशन ट्रेस होने पर उसे कालीपीठ जोड़ से लेकर अस्पताल पहुंचे थे, जहां भर्ती कराया है। किसान ने सिर्फ शराब पी है, जहर नहीं खाया है, वह दबाव बनाने के लिए ऐसा कर रहा था।

ये भी पढ़ें

एमपी में महिला मित्र से मिलने आए युवक को इस कदर पीटा कि थम गईं सांसें

Published on:
04 Apr 2026 08:20 pm
Also Read
View All

अगली खबर