राजगढ़

राजगढ़ में CM Helpline पर शिकायत करना पड़ा भारी, आरोप- युवक के साथ मां-बहनों को भी पीटा

MP News: सरपंच प्रतिनिधि व उसके भाईयों पर मारपीट करने का आरोप, पीड़ित ने घर के पीछे पानी भरे होने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दो महीने पहले दर्ज कराई थी।

2 min read
May 09, 2026
family assaulted after cm helpline complaint in rajgarh

MP News: मध्यप्रदेश में आम जनता की समस्या के समाधान के लिए बनाई गई सीएम हेल्पलाइन (CM Helpline) पर शिकायतें करना भी अब लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं है। अब विभागीय अधिकारियों के साथ ही सरपंचों को भी शिकायतें नागवार गुजर रही हैं। राजगढ़ जिले के जीरापुर जनपद की झाड़मऊ ग्राम पंचायत में ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां के एक पीड़ित को शिकायत करने के बदले सरपंच प्रतिनिधि और उसके भाइयों ने सत्ता का रौब झाड़ते हुए जमकर पीटा है। आरोप है कि आरोपियों ने इस दौरान पीड़ित युवक की मां व बहनों के साथ भी मारपीट की है।

ये भी पढ़ें

KBC में 50 लाख जीतने वाली महिला तहसीलदार को मिली जमानत, 44 दिन बाद जेल से रिहाई

सीएम हेल्पलाइन पर की थी शिकायत

झाड़मऊ ग्राम पंचायत के अंतर्गत रहने वाले पीड़ित युवक राजेन्द्र ने बताया कि उसके घर के पीछे पानी भरा रहता है, इसकी शिकायत उसने दो महीने पहले सीएम हेल्पलाइन पर की थी। 8 मई को शाम छह बजे ग्राम पंचायत का सरपंच प्रतिनिधि दिनेश राठौर उसके घर आया और मां से पूछा कि राजेंद्र कहां है? थोड़ी देर बाद जब वो बाहर निकला तो सरपंच प्रतिनिधि ने उससे कहा कि चल तेरी शिकायत का समाधान करता हूं। इसके बाद कॉलर पकड़कर मारपीट करना शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद उसका भाई प्रेम और मुकेश भी डंडा लेकर आ गए, तीनों गालियां देने लगे और मारपीट करने लगे।

बीच-बचाव करने आई मां-बहनों को भी पीटा- पीड़ित

पीड़ित राजेन्द्र के मुताबिक जब उसकी मां व तीन बहनें बीच-बचाव करने व उसे बचाने आईं तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। मारपीट में हम सभी को चोटें आई हैं। चौकीदार रोडू ने आकर बचाव किया। तीनों जाते-जाते धमकी देकर भी गए हैं, कि दोबारा शिकायत की तो मार डालेंगे। ग्राम पंचायत में भगवतीबाई राठौर सरपंच है। जिसकी सरपंची उसका पति दिनेश राठौर करता है।

पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किया

वहीं इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने तीन-तीन लोगों द्वारा एक युवक और महिलाओं के साथ मारपीट करने के बावजूद सरपंच प्रतिनिधि की ओर से भी युवक के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। टीआई का तर्क है कि हाथापाई हुई है, दोनों पक्षों की ओर से मारपीट हुई है इसलिए एफआइआर क्रॉस दर्ज की। बाकि हम जांच कर रहे हैं। सरपंच प्रतिनिधि दिनेश राठौर की रिपोर्ट पर राजेंद्र राजपूत निवासी झाडमऊ के खिलाफ भी मारपीट की धारा लगाई है। टीआई हुकुमसिंह मीना का कहना है कि कोई डंडे वगैरह थोड़े चले हैं, सामान्य विवाद है थप्पड़ों वाला, इसलिए केस दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें

कालसर्प दोष की पूजा कराने अमरावती से उज्जैन आ रहे युवक की मौत, तीन दोस्त बचे
Published on:
09 May 2026 09:46 pm
Also Read
View All