
MP Mandatory Marriage Registration: मध्यप्रदेश के किसी भी गांव में अगर कोई शादी होगी तो उसके लिए ग्राम पंचायत में पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पंचायत के सरपंच, सचिव और ग्राम रोजगार सहायक (जीआरएस) की जिम्मेदारी तय होगी कि गांव में होने वाले प्रत्येक विवाह का रिकॉर्ड रखा जाए। बाल विवाह रोकने के लिए पंचायत स्तर पर जवाबदेही तय करने की घोषणा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शुक्रवार को राजगढ़ जिले की ग्राम पंचायत बांगपुरा में की।
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर ‘नई चेतना 5.0’ जेंडर अभियान एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि सामान्य तौर पर वे घोषणाएं नहीं करते, लेकिन पंचायतों की व्यवस्था और उनकी क्षमता को देखते हुए इस संबंध में नियमों में प्रावधान किया जाएगा। पंचायत के सरपंच कार्यालय में विवाह का पंजीयन अनिवार्य होगा। पंचायत में होने वाले विवाहों का रिकॉर्ड रहेगा तो बाल विवाह की रोकथाम के लिए निगरानी भी प्रभावी हो सकेगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि पंचायतों को केवल सड़क, प्रधानमंत्री आवास और शौचालय निर्माण तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने में भी भूमिका निभानी होगी।
मंत्री प्रहलाद पटेल ने मंच से कहा कि पहले पंचायत का काम झोले में चलता था। सचिव के पास झोला रहता था और पंचायत के दस्तावेज उसी में रखे जाते थे। अब पंचायत भवनों में रिकॉर्ड रखने के लिए अलग कमरा उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायतों के पास गांव के प्रत्येक व्यक्ति और परिवार की जानकारी होती है। जब पंचायत इतनी व्यवस्थित जानकारी रख सकती है तो गांव में होने वाले विवाहों का रिकॉर्ड क्यों नहीं रखा जा सकता। विवाह पंजीयन की व्यवस्था इसी जिम्मेदारी को प्रभावी बनाने का माध्यम बनेगी।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने बाल विवाह को बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य के साथ अन्याय बताते हुए तीन संकल्प दिलाए। सांसद रोडमल नागर, खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी बेटियों की शिक्षा एवं समान अवसरों पर जोर दिया। ग्राम पंचायत बांगपुरा से अभियान की शुरुआत के दौरान बाल विवाह रोककर पढ़ाई जारी रखने वाली सात बेटियों को सम्मानित किया गया।