
Ajay Singh-Gyanesh Kumar photo: फोटो वायरल होने के बाद कांग्रेस विधायक की सफाई (फोटो सोर्स- Ajay Singh Facebook)
Ajay Singh-Gyanesh Kumar photo: सीधी की चुरहट सीट से विधायक (कांग्रेस) और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह उर्फ राहुल भैया भोपाल के एक शादी समारोह में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार (मुख्य चुनाव आयुक्त) के साथ फोटो खिंचाने और पार्टी को इसकी जानकारी नहीं देने के संबंध में सफाई दी है। जबलपुर में कांग्रेस की संविधान रक्षा रैली में शामिल हुए पूर्वमंत्री अजय सिंह ने मीडिया से बात की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार के साथ फोटो वायरल होने के बाद कांग्रेस आलाकमान ने अजय सिंह समेत एमपी कांग्रेस के नेताओं को फटकार लगाई है।
जबलपुर में संविधान रक्षा रैली के दौरान मीडिया से बात करते हुए अजय सिंह ने कहा कि मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मेरी फोटो वायरल नहीं हुई है। मैंने उस फोटो को खुद अपने फसेबूक पर अपलोड किया था। मुझे नहीं मालूम वो व्यक्ति ज्ञानेश कुमार है कि कौन है?
मैं अपने उपेंद्र जैन, जिनकी पहली पोस्टिंग सीधी जिले में एसपी के तौर पर हुई थी, उनके बेटे की शादी का रिसेप्शन था जिसमें मैं शामिल हुआ था।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब वे कार्यक्रम में पहुंचे तो वहां उन्हें नरेंद्र सिंह तोमर (विधानसभा अध्यक्ष) के साथ दो अन्य लोग भी खड़े थे जिनका परिचय किसी ने उनसे नहीं करवाया था। सिंह ने कहा कि-हम सब साथ खड़े थे तो किसी ने फोटो खींच ली। अब बगल में खड़ा व्यत्कि ज्ञानेश कुमार थे या अमित शाह, मुझे क्या पता। शादी का दिन था, कौन पूछे किससे क्या? हम तो चाहते है ज्ञानेश कुमार जाएं और उनका इस्तीफा हो, तो क्या हम उनसे चर्चा करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ज्ञानेश कुमार के साथ अजय सिंह की फोटो वायरल होने बाद दिल्ली स्थित कांग्रेस हाईकमान ने नाराजगी जताई और एमपी कांग्रेस के नेताओं से जवाब मांगा। बताया जा रहा है कि एक तरफ जहां नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के आला नेता लगातार चुनाव आयोग की भूमिका और ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग कर रहे है, वहीं कांग्रेस नेता की उनके साथ फोटो सामने आने से कांग्रेस बैकफुट पर आ गई है। इसी को लेकर कांग्रेस आलाकमान ने कांग्रेस नेताओं को फटकार लगाई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पार्टी की तरफ से सामने नहीं आई है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश अपने भांजे की शादी में आए और दो दिन भोपाल में रहे और कांग्रेस नेताओं को पता ही नहीं चला। बाद में कांग्रेस नेताओं ने उनके भोपाल से रवाना होने के 10 घंटे के बाद ज्ञानेश कुमार के विरोध में प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया। जबकि एक दिन पहले मंगलवार को इस समारोह में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह शामिल हुए थे। उन्होंने ज्ञानेश के साथ फोटो भी खिंचवाया था। उसे उन्होंने फेसबुक पर शेयर भी किया। जानकारी न देने पर पार्टी में बवाल मचा हुआ है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
27 Nov 2026, 12:00 PM IST
Published on:
27 Nov 2026, 12:00 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़




