राजगढ़

‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे, उन्हें जनता का वरदान’, राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार का कांग्रेस पर निशाना

MP Foundation Day : मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर कांग्रेस की यात्रा और राष्ट्रीय अध्यक्ष की टिप्पणी पर राज्य मंत्री नारायणसिंह पंवार ने पलटवार किया- 'जनमत के बिना कोई सरकार नहीं बना सकता।'
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2026, 6:23 PM IST
MP Foundation Day
कार्यक्रम को संबोधित करते राज्यमंत्री पंवार (फोटो सोर्स: Patrika)

Rajgarh News : सत्ता पाने के लिए शॉर्टकट तलाशने वालों को जनता का जनमत ही जवाब देगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता का वरदान मिला है और जब तक जनता चाहेगी, वे सरकार में रहेंगे। मोदी कहीं नहीं जाएंगे। ये बात राज्य मंत्री नारायणसिंह पंवार ने रविवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय पर मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान कही। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी पर जवाब देते हुए कहा कि, देश की जनता जागरूक है और जनमत के बिना कोई भी सरकार नहीं बना सकता।

मंत्री पंवार ने कहा कि, पहले की सरकारें गरीबी हटाओ का नारा देती रहीं, लेकिन गरीबी समाप्त नहीं हुई। मौजूदा सरकार के प्रयासों, नवाचारों और विभिन्न क्षेत्रों में आम लोगों के लिए शुरू की गई योजनाओं से प्रदेश गरीबी से बाहर निकला है। अब अति गरीबों की संख्या भी बहुत कम बची है। आने वाले समय में सभी लोग गरीबी रेखा से ऊपर आएंगे और योजनाओं का लाभ समान रूप से मिलेगा।

आगे बढ़ रही बेटियां

बेटियों को पुरुस्कृत करते मंत्री पंवार (फोटो सोर्स: Patrika)

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के बेटे-बेटियां भी लगातार आगे बढ़ रहे हैं। सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें लाभ पहुंचाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रम फैलाकर जनमत का सम्मान करने के बजाय शॉर्टकट से सत्ता पाना चाहते हैं, लेकिन जनता के फैसले के बिना सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे पंवार ने मप्र के इतिहास और राज्य के विस्तार को लेकर भी प्रकाश डाला।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्थापना दिवस पर स्कूली विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पीएमश्री विद्यालय राजगढ़, सांदीपनि विद्यालय राजगढ़ और कन्या शाला के छात्र-छात्राओं ने स्थापना दिवस की थीम पर रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार, सांसद रोडमल नागर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर सहित पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा और प्रताप मंडलोई मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान देने वाले तहसीलदार और पटवारियों को सम्मान मिला। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, कामधेनु योजना, शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यालयों की अधोसंरचना में सुधार, पौधरोपण, बाल विवाह उन्मूलन, सिंचाई परियोजनाओं और पंचायत सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।

पशुपालकों के साथ ही अन्य हुए सम्मानित

गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता 2026 में भी जिले के पशुपालकों ने दुग्ध उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। राजगढ़, नरसिंहगढ़, ब्यावरा, जीरापुर और धाकड़ क्षेत्र में साहीवाल, मालवी और गिर नस्ल की गायों के दुग्ध उत्पादन के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय 50 हजार और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपए निर्धारित था। ब्यावरा के सलेहपुर में गिर नस्ल की गाय से 16.145 लीटर औसत दुग्ध उत्पादन दर्ज हुआ, जो प्रतियोगिता में सबसे अधिक रहा। अन्य विकासखंडों में भी पशुपालकों ने विभिन्न नस्लों के दुग्ध उत्पादन में बेहतर प्रदर्शन किया।

Updated on:
1 Nov 2026, 6:23 PM IST
Published on: