राजगढ़

सिमाला प्रसाद की जगह अब प्रशांत खरे संभालेंगे राजगढ़ की कमान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा को प्रमोट करने कांग्रेस ने लगाया था आरोप....
2 min read
Oct 20, 2018
 rajgarh sp
सिमाला प्रसाद की जगह अब प्रशांत खरे संभालेंगे राजगढ़ की कमान

राजगढ़। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावोें को लेकर चुनाव आयोग सख्त नजर आ रहा है। आयोग ने चुनाव से पहले मंत्रियों और सांसद के करीबी रिश्तेदारों को हटाना शुरू कर दिया। आयोग ने राजगढ़ जिले की पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद को राजगढ से हटाकर सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय बनाया गया है।

2007 बैच के आईपीएस अफसर प्रशांत खरे राजगढ़ के नए एसपी बनाये गए हैं। पिछले दिनों उनके खिलाफ कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत की थी। कांग्रेस का आरोप था कि सिमाला प्रसाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा को प्रमोट कर रही हैं।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग से सिमाला प्रसाद के ट्रांसफर की मांग की थी। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि सिमाला प्रसाद एसपी जैसे ज़िम्मेदार सरकारी पद पर रहते हुए मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान का प्रचार कर रही हैं।

सांसद भागीरथ प्रसाद की बेटी है सिमाला प्रसाद.....

आयोग के निर्देश हैं कि सांसद और विधायकों के रिश्तेदारों को चुनाव में फील्ड पोस्टिंग नहीं दी जा सकती। ऐसे अफसरों को जिले से हटाना था, लेकिन शासन ने ऐसे कुछ पुलिस अधीक्षकों अंशुमान सिंह (देवास), सिमाला प्रसाद (राजगढ़) और विवेक राज सिंह (सिवनी) को जिलों से नहीं हटाया था। सिमाला प्रसाद भिंड से भाजपा सांसद भागीरथ प्रसाद की बेटी हैं। उन्हें पीएचक्यू भेज दिया है| जबकि रीवा पुलिस अधीक्षक सुशांत सक्सेना को मंत्री राजेंद्र शुक्ल (स्थानीय विधायक) का करीबी बताया जा रहा है।

कमांडेंट रघुवीर सिंह पर भी गिर सकती है गाज....
माना जा रहा है कि राजगढ़ एसपी के हटने के बाद अब 26 वीं विस बल गुना के कमांडेंट रघुवीर सिंह मीना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। ये उनका गृह जिला है और पत्नि ममता मीना भाजपा से चाचौड़ा की विधायक हैं। शिकायत के बाद प्रशासन ने चुनाव आयोग को जानकारी भी भेज दी है।


भाजपा की तेज तर्रार विधायक ममता मीना के पति होने के साथ ही उनका निवास भी चाचौड़ा विधानसभा के ग्राम अजगरी में ही है। वे पूर्व में भी यहां कमांडेंट रह चुके हैं। जिसके कारण चुनावों में उनकी निष्ठा पर भी सवाल उठ सकते हैं।

Updated on:
20 Oct 2018 04:07 pm
Published on:
20 Oct 2018 04:07 pm