राजगढ़

पार्वती-सुठालिया बांध पर फिर भड़का विरोध, डूब प्रभावितों ने दी अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

Parvati Suthaliya Project : विवादों में पार्वती-सुठालिया परियोजना: विरोध में दूसरे दिन फिर डैम स्थल पर जुटे गुना-राजगढ़ के ग्रामीण। महिलाओं ने संभाला मोर्चा, 4 गुना मुआवजे और लंबित मांगों पर अड़े किसान। 15 दिन में मांगों का निराकरण न होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की दी चेतावनी।
3 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 8:54 PM IST
Parvati Suthaliya Project
डैम स्थल पर जुटे गुना-राजगढ़ के ग्रामीण (फोटो सोर्स: Patrika)

Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में एक तरफ पार्वती नदी पर करोड़ों रुपए की लागत से राजगढ़ और गुना जिले की सीमा पर सुठालिया वृहद सिंचाई परियोजना का बांध आकार ले रहा है तो वहीं दूसरी तरफ इसी परियोजना से प्रभावित होने वाले परिवार अपने हक के लिए अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर खड़े हैं। किसी को अपनी जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिलने की चिंता है तो किसी को उजड़ते घर और आने वाले कल की चिंता है।

डैम स्थल पर दिखाई दिया डूब प्रभावितों का दर्द

रविवार को दूसरे दिन भी पार्वती-सुठालिया वृहद सिंचाई परियोजना को लेकर डूब प्रभावितों का ये दर्द डैम स्थल पर दिखाई दिया। रविवार को गुना और राजगढ़ जिले के ग्रामीण बड़ी संख्या में डैम स्थल पर विरोध जताने पहुंचे। सूचना पर परियोजना से संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने भी आगे आकर अपनी पीड़ा अधिकारियों के सामने रखी। उनका कहना है कि हम हाथ जोड़कर निवेदन कर रहे हैं, हमारी समस्या का समाधान कर दीजिए। आखिर हमारी ही जमीन और हमारे ही हक के लिए हम कब तक भटकेंगे?

प्रशासन को दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

डैम स्थल पर जुटे गुना-राजगढ़ के ग्रामीण (फोटो सोर्स: Patrika)

ग्रामीणों का आरोप है कि, लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद अधिकारी उन्हें एक-दूसरे के पास भेज रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। किसानों ने अब प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी है कि इस अवधि में चार गुना मुआवजे सहित लंबित मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो डैम स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे।

चार घंटे तक चला प्रदर्शन

दूसरे दिन भी करीब 4 घंटे तक विरोध चलता रहा। प्रदर्शन में महिलाओं की भागीदारी ने आंदोलन को नया स्वर दिया। महिलाएं अधिकारियों के सामने पहुंचीं और हाथ जोड़कर अपनी परेशानी बताई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारी अब भी उन्हें घुमा रहे हैं। कई बार मांगें रखने के बाद भी राहत नहीं मिली है। विरोध प्रदर्शन के दौरान भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष नारायण सिंह, शंकर सिंह तेजाखेड़ी, मोरसिंह, जयपाल सिंह खींची, अर्जुन सिंह, ओमप्रकाश, कमल गुर्जर, आजाद सिंह, शेलेंद्र सिंह सहित तेजाखेड़ी, रुगनाथपुरा, टोड़ी, गुर्जरखेड़ी, निवारा, काकरिया, बगवाज, राजपुरा, खादीखेड़ा और खेराड़ आदि गांव के लोग मौजूद रहे।

ग्रामीण बोले- 100 किसानों को 4 गुना मुआवजा, बाकी को क्यों नहीं?

ग्रामीणों का कहना है कि, सुठालिया परियोजना के दौरान भूख हड़ताल के बाद आठ मांगें स्वीकार की गई थीं, लेकिन चार गुना मुआवजे की मांग अब तक पूरी नहीं हुई। न ही आठ मांगों पर कोई लिखित आश्वासन या जमीनी राहत मिली है। उनका आरोप है कि, करीब 100 किसानों को चार गुना मुआवजा दिया, बाकी प्रभावित किसान अब भी इंतजार में हैं। किसानों ने कहा कि, जमीन का बाजार भाव करीब 10 लाख रुपए प्रति बीघा तक पहुंच गया है, लेकिन उन्हें चार लाख रुपए भी नहीं मिल पा रहे हैं। पहले 2.40 लाख मिले, बाद वालों को 4.80 लाख मिले तो हमें क्यों नहीं मिल सकते।

'…तो करेंगे चार गुना मुआवजे पर बात'

वहीं, मौके पर पहुंचे परियोजना के एक अधिकारी ने ग्रामीणों से कहा कि, आप बाकी की सात चीजे (मांगों) काटो तो चार गुना मुआवजे पर बात कर लेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि विभाग उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रहा है। कुएं, ट्यूबवेल और पाइपलाइन जैसी सुविधाओं को भी परियोजना में शामिल किया गया है, जबकि अन्य परियोजनाओं में ऐसा नहीं होता। थोड़ा समय तो लगेगा। उन्होंने मुआवजे की राशि का एस्टीमेट तैयार कराने और बीच का रास्ता निकालने की बात कही। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि, उन्हें अब मौखिक आश्वासन नहीं, बल्कि स्पष्ट निर्णय और लिखित कार्रवाई चाहिए।

'समाधान के लिए करेंगे हर संभव प्रयास'

सुठालिया वहद सिंचाई परियोजना के परियोजना अधिकारी जेके ठाकुर का कहना है कि, ग्रामीणों के चर्चा हुई है, उनकी मांगों को लेकर अधिकारियों को अवगत करा रहे हैं। चार गुना मुआवजे के लिए बात कर रहे है, समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। अभी समझाइश दी है।

Updated on:
29 Nov 2026, 8:54 PM IST
Published on: