राजगढ़

Rajgarh news: चलते-फिरते हुई मुखबिरी, राजस्थान बॉर्डर के पास स्मैक के साथ पैडलर गिरफ्तार, लाखों में है कीमत

Drug supply: भोजपुर पुलिस ने बॉर्डर के पास कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा, अब पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
2 min read
Jul 22, 2026
Drug supply: स्मैक के साथ गिरफ्तार, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)
Drug supply: स्मैक के साथ गिरफ्तार, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

Rajgarh news: पत्रिका ने सप्ताहभर पहले जिस रूट पर ड्रग सप्लाई की संभावना जताई वहीं पर पुलिस को स्मैक के साथ एक पैडलर मिला है। उसके पास से 11.96 ग्राम की 1.20 लाख रुपए कीमती स्मैक मिली है। ढाबे पर उसे ठिकाने लगाने की योजना थी, उससे पहले भोजपुर पुलिस ने उसे दबोच लिया। जिले में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान को लेकर एसपी अमित तोलानी के टीम काम कर रही है। जिसमें भोजपुर थाना प्रभारी अजय यादव ने धरपकड़ शुरू की। बॉर्डर एरिया होने से यहां पूछताछ और मुखबिरी बढ़ाई गई है।

मुखबिर से मिली थी जानकारी

इसी के तहत पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजस्थान बॉर्डर के वसीर के ढाबे के पास से एक व्यक्ति को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से 11.96 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर दोपहर करीब दो बजे वसीर के ढाबे के पास कार्रवाई की गई।

मौके से ग्राम खाजली निवासी रांगलाल पिता देवीलाल तंवर (45) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई। उसके खिलाफ भोजपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय यादव एवं एसआई गिरवर मरावी के मुखबिर तंत्र काम कर गए और पैडलर हाथ लग गया। अब उससे इससे जुड़े नेटवर्क की पूछताछ की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि उससे जुड़े राजस्थान और राजगढ़ जिले के अन्य सप्लायर्स का भी पता चलेगा।

ढाबे से 10 किमी. दूर आरोपी को पकड़ा

भोजपुर थाना क्षेत्र का यह वही ढाबा है जो बॉर्डर एरिया में है। यहां से महज 10 किलोमीटर दूर झालावाड़ जिले का घाटोली है। जहां नशे का कारोबार बड़े स्तर पर चलता है। यहीं के रहने वाले तीन ड्रग पैडलर्स को स्मैक के साथ भोपाल क्राइम ब्रांच की टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र के मां जालपा मंदिर के पास से पकड़ा था। भोपाल में गिरफ्तार हुए कुछ ड्रग सप्लायर्स ने यह कड़ी खोली थी। उन्हीं की निशानदेही पर इन तीन आरोपियों से क्राइम ब्रांच की टीम ग्राहक बनकर नशा खरीदने पहुंची थी। इसके अलावा नरसिंहगढ़ के शाहरुख के साथ ही बोड़ा के एक दंपती, पचोर के एक पैडलर को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

पत्रिका ने बताए थे रूट, उन्हीं में यह मिला

बीते दिनों पत्रिका ने उड़ता राजगढ़ शीर्षक से एक ग्राउंड रिपोर्ट जिले की प्रस्तुत की थी। जिसमें ड्रग्स की सप्लाई, इसका उपयोग और यहां विभिन्न जगह से आने वाले अवैध मादप पदार्थ के संभावित रूट बताए थे। राजगढ़ जिला राजस्थान की सीमा से लगा हुआ जिला है, जिसमें पत्रिका ने माचलपुर-गोघटपुर बॉर्डर, भोजपुर-घाटोली बॉर्डर, कालीपीठ-दांगीपुरा बॉर्डर के साथ ही गुना जिले के बीनागंज से होकर ब्यावरा पहुंचने वाला रूट मैप बताया था। अब भी उसी रूट पर नशे की सप्लाई जारी है। इसका प्रमाण भोजपुर क्षेत्र में मिल गया, जहां ढाबे पर स्मैक मिली है। यानी सप्लायर्स एक्टिव हैं।

Updated on:
22 Jul 2026 05:25 pm
Published on:
22 Jul 2026 05:25 pm