
Road accident: 2 बच्चियों के सिर से उठा पापा का साया (Photo Source - Patrika)
Road accident In rajghar: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में एक परिवार के लिए सोमवार का दिन भारी पड़ गया। 30 साल का जवान बेटा घर सूना कर गया। घटना की जानकारी परिवार को मिलते ही घर में कोहराम मच गया। खेत में खड़ी मक्का की फसल को बचाने के लिए कीटनाशक खरीदने निकला किसान कभी घर नहीं लौट सका। राजगढ़-ब्यावरा मार्ग पर लक्ष्मणपुरा जोड़ के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चालक वाहन सहित फरार हो गया।
इधर, परिजनों का दावा है कि दुर्घटना करने वाली बोलेरो के आगे 'एसडीएम' लिखा हुआ था। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। कोतवाली थाना क्षेत्र के बांसखेड़ी निवासी मांगीलाल तंवर (28) सोमवार सुबह बाइक से ब्यावरा कीटनाशक लेने गए थे। दोपहर करीब 12 बजे गांव लौटते समय लक्ष्मणपुरा जोड़ के पास पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद बोलेरो का पहिया किसान के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, एसडीओपी अरविंद सिंह मौके पर पहुंच गए। एंबुलेंस की मदद से शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमाॅर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि हादसा करने वाली बोलेरो कार के आगे 'एसडीएम' लिखा था। इसके बाद वे ब्यावरा टोल प्लाजा पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। उनका दावा है कि फुटेज में एक ऐसी बोलेरो दिखाई दी, जिस पर आगे 'एसडीएम' अंकित था। परिजनों ने संबंधित वाहन की तस्वीर भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। उधर, पुलिस को घटनास्थल से बोलेरो की टूटी हुई हेडलाइट और नंबर प्लेट का हिस्सा भी मिला है। इन्हीं साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
मांगीलाल तंवर परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। खेती-किसानी के काम में लगे रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी सात वर्ष की है, जबकि छोटी बेटी की उम्र महज ढाई माह (75 दिन) है। किसान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है वहीं, दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीआई मंजू मखेनिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जिस कार ने टक्कर मारी उसकी तलाश की जा रही है।
जिस जगह हादसा हुआ वहां पर रोड का घुमावदार हिस्सा है, खतरनाक टर्न होने से यह घटना हुई। बाइक सवार भी नियंत्रण नहीं कर पाया और बेकाबू वाहन ने सामने से उसे टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पहले भी उसके आसपास हादसे हो चुके हैं। जिसमें वाहनों की तेज रफ्तार और घुमावदार मार्ग ही कारण रहा है। पुलिस ने उक्त स्थान को ब्लैक स्टॉप के तौर पर चिह्नित किया है।
बीते दिन ब्यावरा के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे- 46 गुना रोड पर जोगीपुरा टोल प्लॉजा के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें महाकालेश्वर के दर्शन करने के लिए उज्जैन जा रहे दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 6 गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर घायलों में से चार को भोपाल और अन्य हायर सेंटर रेफर किया है। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे समेत दो एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर पास के बीनागंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां एक ने दम तोड़ दिया, वहीं दूसरे की ब्यावरा सिविल अस्पताल में मौत हो गई। हादसे में 52 वर्षीय अजीत पांडे, निवासी चमरोली, उन्नाव और 35 वर्षीय श्यामजी प्रजापति, निवासी जालौन, उन्नाव की मौत की पुष्टि हुई है। देहात पुलिस ने मृतकों के परिजन को सूचना दे दी है, उनके आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। मामले को पुलिस ने जांच में लिया है।
Updated on:
20 Jul 2026 05:41 pm
Published on:
20 Jul 2026 04:35 pm
बड़ी खबरें
View Allराजगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
