
Kho Kho Player Nitesh Chawda Missing: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर क्षेत्र के किठोर गांव का रहने वाला 16 वर्षीय खिलाड़ी नितेश चावड़ा नेशनल खो-खो प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पुरी ओडिशा गया था, जहां गोल्डन बीच पर नहाते समय तेज लहरों की चपेट में आकर समुद्र में लापता हो गया। घटना बुधवार दोपहर करीब 2.45 बजे की बताई जा रही है। नितेश के साथी खिलाड़ियों ने तुरंत मौके पर मौजूद लाइफ गार्ड को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम ने समुद्र में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार नितेश इंदौर खो-खो फेडरेशन की टीम के साथ 27 अगस्त को पुरी गया था। टीम ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया था। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद मंगलवार को सभी खिलाड़ी मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद खिलाड़ी बुधवार को गोल्डन बीच पहुंचे और समुद्र में नहाने लगे। इसी दौरान नितेश तेज लहरों की चपेट में आकर गहरे पानी की ओर चला गया। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दिया तो साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। साथियों ने उसे पानी में डूबते हुए देखने की बात बताई है।
घटना की सूचना पुरी के सी बीच थाने में दी गई जिसके बाद नितेश के गांव किठोर में परिजनों को सूचना पहुंचाई गई। घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छाया हुआ है। ग्राम पंचायत सरपंच दिलीप ठाकुर के अनुसार नितेश माता-पिता का इकलौता बेटा है और उसकी एक छोटी बहन है। परिवार पट्टे की जमीन पर खेती कर जीवनयापन करता है। सूचना मिलने के बाद सरपंच भी पुरी पहुंच गए हैं और स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू कार्य में सहयोग कर रहे हैं। हालांकि अभी तक नितेश की तलाश जारी थी।
कोच भरत भैरवे ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को भेजने से पहले नितेश के पिता की अनुमति ली गई थी। टीम में बैंगलोर में हुई प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन किया गया था। नितेश को अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया गया था।