राजगढ़

राजगढ़ में बारिश का कहर, जल मंदिर में फंसे 5 लोग, NDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Rain in rajghar: शहर में जल मंदिर में अचानक जलस्तर बढ़ने से पुजारी सहित पांच लोग फंसे, एनडीआरएफ और एसपी ने नाव से बचाया।
2 min read
Aug 10, 2026
Rain in rajghar: राजगढ़ में बारिश का कहर (Photo Source - Patrika)
Rain in rajghar: राजगढ़ में बारिश का कहर (Photo Source - Patrika)

Rajgarh news: एमपी के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर के सोमवारिया स्थित जल मंदिर में सोमवार को अचानक जलस्तर बढ़ने से पुजारी सहित पांच लोग मंदिर परिसर में फंस गए। इनमें राजगढ़ से भोलेनाथ का अभिषेक करने पहुंचे मां-बेटे भी शामिल थे। शुरुआत में पानी घुटनों तक था, लेकिन कुछ ही देर में जलस्तर तेजी से बढ़ता गया और गले तक पानी पहुंच गया। मंदिर में फंसे लोगों ने अलग-अलग वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपनी स्थिति साझा की।

वीडियो सामने आते ही रेस्क्यू टीम सक्रिय हुई। करीब साढ़े तीन घंटे तक पांचों लोग मंदिर में फंसे रहे। सूचना मिलने पर एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसपी अमित तोलानी स्वयं नाव में सवार होकर मंदिर तक पहुंचे और टीम के साथ पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

शीर सागर नाले में भी फंसे तीन लोग

इमली स्टैंड के पास शीर सागर नाला उफान पर आने से पंडाजी के बाग मंदिर में तीन लोग फंस गए। यहां भी रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना के बाद कलेक्टर और एसपी भी राजगढ़ से खिलचीपुर के लिए​ निकले। एसपी खुद एनडीआरएफ की टीम के साथ नाव में बैठकर मंदिर तक पहुंचे, इसके बाद फंसे हुए लोगों को निकलवाया।

कांगनीखेड़ा में भी बढ़ा पानी

कांगनीखेड़ा गांव में पानी बढ़ने से कई लोग फंस गए। सूचना पर एसपी अमित तोलानी और विधायक हजारीलाल दांगी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू टीम के साथ लोगों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई कराई। हालांकि मौके पर अभी भी टीम है, वहां रे स्क्यू का काम सतत रूप से जारी है। अन्य जगह भी जहां-जहां जल भराव बढ़ा है वहां भी टीमें पहुंची है। खिलचीपुर एसडीओपी लखोनी गांव में पहुंचे, जहां उनकी गाड़ी तक जलमग्न हो गई।

शहर में पानी ही पानी, बिजली भी बंद

लगातार बारिश से छापीहेड़ा नाके पर रोड जाम हो गया। खेतों का पानी शहर की ओर आने से कई इलाकों में जलभराव हो गया। ट्रांसफॉर्मर भी पानी में डूबने से पूरे शहर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। जगह-जगह पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

Updated on:
10 Aug 2026 05:07 pm
Published on:
10 Aug 2026 05:07 pm