
Rajgarh News : सस्ती दवाइयों की उम्मीद लेकर जन औषधि केंद्र पहुंच रहे मरीजों को यदि दवाइयां ही नहीं मिलें तो योजना का उद्देश्य सवालों में आ जाता है। मध्य प्रदेश के राजगढ़ के जन औषधि केंद्र पर लंबे समय से दवाइयों की कमी को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। शनिवार को दवा लेने पहुंचे एक मरीज ने नाराजगी जताते हुए दवा प्रबंधन के जिम्मेदारों के खिलाफ वीडियो बनाकर अपनी भड़ास निकाल दी। शख्स की ओर से बनाया गया सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा है।
सामने आए वीडियो में मरीज ने यहां तक कह डाला कि, दवाइयां नहीं दे सकते तो भाजपा नेताओं की ये दुकान बंद करवा दो। राजगढ़ निवासी किशोर सौलंकी द्वारा ये वीडियो बनाया गया है। उन्होंने वीडियो में कहा कि, वो अस्थमा के मरीज हैं और पिछले तीन महीने से लगातार जन औषधि केंद्र पर दवाइयां लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन इतना समय बीतने के बाद भी उन्हें दवाइयां नहीं मिल रही हैं। उनका आरोप है कि, चार-पांच महीने से केंद्र पर दवाइयों की उपलब्धता नहीं है। कई नेताओं को भी समस्या बता चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि, 'मैं ये बाद प्रधानमंत्री तक भी पहुंचाउंगा, मान जाओ आप लोग चुनाव आ चुके हैं, जनता आपको जवाब दे देगी।'
किशोर सौलंकी ने वीडियो में नाराजगी जताते हुए कहा कि, 'प्रधानमंत्री ने गरीबों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए जन औषधि केंद्र शुरू किए हैं, लेकिन यहां लंबे समय से दवाइयां ही नहीं हैं।' उन्होंने कहा कि, 'केंद्र संचालक प्रधानमंत्री का नाम खराब कर रहे हैं। जब दवाइयां उपलब्ध नहीं करा सकते तो दुकान बंद करवा दो।' उन्होंने भाजपा नेताओं से भी व्यवस्था सुधरवाने की अपील की। मामले में पत्रिका ने प्रभारी सीएमएचओ डॉ. जलालुद्दीन शेख से बात करना चाही, दो बार कॉल किया लेकिन उन्होंने रिस्पांड नहीं किया। इससे भी गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
जन औषधि केंद्र पर दवाइयों की उपलब्धता को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। मरीजों का आरोप है कि, कई बार जरूरी दवाइयां लेने पहुंचने पर उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। शनिवार को वायरल हुए वीडियो के बाद केंद्र की व्यवस्था और दवाइयों की आपूर्ति को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। कई मरीज यहां से बैरंग लौट चुके हैं। नियमानुसार जन औषधि केंद्र पर पर्याप्त दवाइयां होनीं चाहिए, लेकिन यहां सब मोनोपॉली से चलता है, जिस पर किसी का अंकुश नहीं है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग तो इसे लेकर कोई बात तक नहीं करते। अब सवाल ये है कि, गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित केंद्र पर दवाइयों की कमी क्यों बनी हुई है और जिम्मेदार इस समस्या का समाधान कब तक कर सकेंगे?
राजगढ़ के रहने वाले किशोर सौलंकी का कहना है कि, 'मैं अस्थमा का मरीज हूं। तीन महीने से लगातार दवाइयां लेने जा रहा हूं, लेकिन दवाइयां नहीं मिल रही हैं। कई नेताओं को भी बता चुके हैं। मोदीजी ने तो बहुत कर दिया, अब आप लोग करो। दवाइयां ही नहीं हैं तो काहे का जन औषधि केंद्र? अगर ऐसा ही करना है तो भाजपा नेताओं की ये दुकान बंद करवा दो। कम से कम प्रधानमंत्री का नाम खराब मत करो।'