
Rajgarh News : मध्य प्रदेश में ट्रैफिक विभाग की तमाम मुसतैदी भरे दावों के बावजूद सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हालात ये हैं कि, यहां हर रोज सड़क हादसों का शिकार होकर सैकड़ों लोग घायल हो रहे हैं, जबकि इनमें से दर्जनों लोग अपनी जान भी गवा रहे हैं। रफ्तार के कहर से जुड़ा सड़क हादसा सूबे के राजगढ़ जिला मुख्यालय से लगे हुए कालीपीठ थाना इलाके में शनिवार को सामने आया। यहां स्कूली बच्चों को स्कूल से घर छोड़ने जा रही मैजिक वैन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसा गिट्टी मशीन के पास शनिवार सुबह करीब सात बजे हुआ। वैन में 12 से 15 बच्चे सवार बताए गए हैं। हादसे में सात बच्चे घायल हुए। सभी घायलों को एफआरवी की मदद से शासकीय अस्पताल राजगढ़ भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुकुल स्कूल की मैजिक वैन (एमपी 39 जेडएल 3167 ) बच्चों को कालीपीठ की ओर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण बनी ऊंची-नीची स्थिति में वैन अनियंत्रित होकर रोड से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इस भीषण हादसे में 12 वर्षीय सोनू पिता कमल सिंह तंवर, निवासी रूपाहेड़ा के सिर में चोट आई। 9 वर्षीय मोहित पिता चंदर सिंह, निवासी ढोलबे के हाथ में चोट लगी, 12 वर्षीय मांगीलाल पिता बनेसिंह, निवासी मान्यापुरा के कमर में चोट आई है। अनिल पिता लाल सिंह निवासी मान्यापुरा के कंधे में चोट लगी है। 10 वर्षीय विष्णु पिता दरियाव सिंह, निवासी बांकपुरा के हाथ में चोट आई है। मिथुन पिता दरियाव सिंह निवासी बांकपुरा और हरिओम भी घायल हुए हैं। फिलहाल, सभी घायल छात्रों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां सभी का उपचार शुरु कर दिया गया है।