राजगढ़

खेत में किसान को लगा करंट, बचाने दौड़ा चचेरा भाई, दोनों की दर्दनाक मौत

Electric Shock: खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। एक को बचाने की कोशिश में दूसरा भी चपेट में आ गया। हादसे के बाद गांव और परिवार में शोक छा गया।

less than 1 minute read
Mar 13, 2026
two cousins die electric shock while irrigating field in rajgarh mp news
two cousins die electric shock in rajgarh (फोटो- Patrika.com)

MP News:राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना क्षेत्र के ढाबला गांव में खेत पर सिंचाई करते समय करंट लगने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार ढाबला निवासी देवीसिंह पिता तकतसिंह (45) और कमल पिता मानसिंह (35) खेत पर गेहूं और चने की फसल में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान पानी फेरते समय उन्हें करंट लग गया। बताया जा रहा है कि एक भाई को करंट लगने की स्थिति में दूसरे ने बचाने का प्रयासकिया। इस प्रयास में दूसरे को भी करंट लग गया।

जिससे दोनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचोर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि देवीसिंह विवाहित थे और उनका एक पुत्र है, जबकि कमल अविवाहित था। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसर गया। पूरे गांव में शोक छा गया। परिजन को संभाल पाना मुश्किल हो रहा था, उनका रो-रोककर बुरा हाल हो गया।

एक दिन पहले ही सप्लाई टाइम बदलने की मांग की थी

बताया गया है कि घटना से एक दिन पहले ही सरपंच प्रतिनिधि मनीष जाट द्वारा ग्राम पंचायत की ओर से एमपीईबी के सब- इंजीनियर को पत्र लिखकर विद्युत सप्लाई का समय बदलने की मांग की गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय परिवर्तन पर पहले ही विचार हो जाता तो संभवतः यह हादसा टल सकता था। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचोर में किया गया। इसके बाद परिजनों को शव सौंप दिए गए। गांव ढाबला के मुक्तिधाम में गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। (MP News)

Published on:
13 Mar 2026 07:46 am