Election 2nd Phase voting: लोकसभा मतदान को लेकर अब महज दो दिन शेष रह गया। 26 अप्रैल को मतदान होना है। मतदान शुरू होने के 48 घंटे पहले चुनावी शोर-गुल थम जाएगा।
Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा मतदान को लेकर अब महज दो दिन शेष रह गया। 26 अप्रैल को मतदान होना है। मतदान शुरू होने के 48 घंटे पहले चुनावी शोर-गुल थम जाएगा। 24 अप्रैल शाम से किसी भी तरह के शोर-गुल के साथ प्रचार-प्रसार नहीं हो सकेगा। इस दौरान प्रत्याशी व कार्यकर्ता मतदाताओं से सीधे घर पर जाकर संपर्क करेंगे।
राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के लिए 15 प्रत्याशी मैदान में है। इन 15 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला संसदीय क्षेत्र के 18 लाख 65 हजार वोटर्स करेंगे। इनमें महिला और युवा वोटर्स निर्णायक होंगे। 4 जून फैसले की घड़ी होगी। जनता का आशीर्वाद किसे मिलता है, यह उसी दिन तय होगा।
कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल खुद अपने लिए ही वोट नहीं कर पाएंगे। क्योंकि उनका गृह क्षेत्र दुर्ग जिले का पाटन है। वहां के मतदाता सूची में नाम होने के कारण वे स्वयं के लिए वोट नहीं कर पाएंगे। वहीं भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय अपने गृह क्षेत्र कवर्धा जिले में जाकर अपने बूथ में मतदान करेंगे।
बसंतपुर स्थित कृषि उपज मंडी से मतदान दलों और पुलिस फोर्स की रवानगी होगी। मतदान होने के बाद वापस ईवीएम व वीवीपैट मशीनें कड़ी सुरक्षा के बीच यहां बने स्ट्रांग रूम रखा जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव, खुज्जी में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक एवं मोहला-मानपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान सुबह 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक संपन्न होगा।
राजनांदगांव अंतर्गत 8 विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिसमें मतदान केन्द्रों की संख्या 2330 है, जिसमें 2329 मतदान केन्द्र तथा 1 सहायक मतदान केन्द्र है। शहरी क्षेत्रों में 293 मतदान केन्द्र एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 2037 मतदान केन्द्र है। खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिला में 380 मतदान केन्द्र है। मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिला में 306 मतदान केन्द्र है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला में 306 मतदान केन्द्र है।
संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 6-राजनांदगांव अंतर्गत कुल आदर्श मतदान केन्द्र की संख्या 16, महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित मतदान केन्द्र की संख्या 83, युवा कर्मचारियों द्वारा संचालित केन्द्रों की संख्या 40 तथा दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा संचालित मतदान केन्द्रों की संख्या 8 है। कबीरधाम जिले में कुल आदर्श मतदान केन्द्र की संख्या 4, महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित मतदान केन्द्र की संख्या 20, युवा कर्मचारियों द्वारा संचालित मतदान केन्द्रों की संख्या 10 तथा दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा संचालित मतदान केन्द्रों की संख्या 2 है।