राजनंदगांव

Road Projects: छत्तीसगढ़ में तीन बड़ी सड़क परियोजनाओं की तैयारी तेज, 14 गांवों में जमीन खरीदी-बिक्री पर रोक

Road Projects: छत्तीसगढ़ में तीन बड़ी सड़क परियोजनाओं की तैयारी तेज हो गई है। मनकी-पेंड्री बायपास समेत राम दरबार-लखोली और मठपारा मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 4:50 PM IST
Chhattisgarh Road Projects
राजनांदगाव में नए बायपास का निर्माण (photo Patrika)

Chhattisgarh Road Projects: शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए सडक़ विकास की तीन बड़ी परियोजनाओं पर काम तेज हो गया है। मनकी से पेंड्री तक प्रस्तावित राजनांदगांव बायपास के साथ ही शहर के दो प्रमुख मार्गों को फोरलेन बनाने की तैयारी है। लोक निर्माण विभाग ने इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए भूमि संबंधी प्रक्रियाएं आगे बढ़ा दी हैं। वहीं, प्रस्तावित मार्गों से जुड़े गांवों में जमीनों की खरीदी-बिक्री, बंटवारा और व्यपवर्तन पर रोक लगा दी गई है।

400 से 450 आवासीय मकानों के प्रभावित होने की आशंका

इनमें सबसे महत्वपूर्ण परियोजना मनकी से पेंड्री तक प्रस्तावित बायपास की है। बायपास का संरेखण तय करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रारंभिक आकलन में प्रस्तावित मार्ग से करीब 400 से 450 आवासीय मकानों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग ऐसा विकल्प तलाश रहा है, जिससे बायपास का निर्माण भी हो सके और कम से कम मकानों को हटाना पड़े। विभाग की कोशिश है कि सडक़ निर्माण के लिए कम से कम परिवारों को विस्थापन की स्थिति का सामना करना पड़े और पुनर्वास का बोझ भी कम हो।

जमीनों की खरीदी-बिक्री पर रोक लगाई

कलेक्टर जितेंद्र यादव के अनुसार, राजनांदगांव बायपास के साथ शहर की दो सडक़ों को फोरलेन बनाने के लिए भूमि संबंधी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई गई हैं। संबंधित गांवों में जमीनों की खरीदी-बिक्री पर रोक लगाई गई है। बायपास का संरेखण तय करते समय इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि कम से कम मकान प्रभावित हों।

14 गांवों तक पहुंचा जमीनों की खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध

बायपास परियोजना के लिए पहले मनकी, सुंदरा, पार्रीनाला, गठुला, ढाबा और पेंड्री में जमीनों के अंतरण, बंटवारा, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री पर रोक लगाई गई थी। अब बरगाही, अचानकपुर भाठागांव, धरमापुर, भेड़ीकला, बोरी, लिटिया, तोरनकट्टा और बजरंगपुर नवागांव को भी प्रतिबंध के दायरे में शामिल किया गया है। इस तरह बायपास से जुड़े कुल 14 गांवों में जमीन संबंधी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।

शहर के दो प्रमुख मार्ग भी होंगे फोरलेन

बायपास के अलावा शहर में दो और महत्वपूर्ण सडक़ परियोजनाओं को बजट में शामिल किया गया है। पहली परियोजना के तहत राम दरबार यानी जीई रोड रायपुर नाका से लखोली तक करीब 2 किलोमीटर सडक़ को फोरलेन बनाया जाएगा। दूसरी परियोजना में मठपारा से राजनांदगांव बायपास तक 2.50 किलोमीटर लंबी सडक़ का चौड़ीकरण कर फोरलेन निर्माण किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं के लिए ग्राम लखोली और नंदई की संबंधित जमीनों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

भूमि अधिग्रहण की तैयारी

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने 25 नवंबर को कलेक्टर को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद भूमि अधिग्रहण और जरूरी अधिसूचना जारी होने तक संबंधित क्षेत्रों में जमीनों के क्रय-विक्रय सहित अन्य राजस्व गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। अब तकनीकी और भूमि संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगे की प्रक्रिया बढ़ाई जाएगी।

Updated on:
28 Nov 2026, 4:50 PM IST
Published on: