3 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Chhattisgarh News: यहां रात में संभलकर चलिए! बायपास पर स्ट्रीट लाइट नहीं, यात्री बसों की आवाजाही से बढ़ा हादसों का खतरा

Street Light Problem: राजनांदगांव-रायपुर बायपास पर रात के समय सड़क का एक बड़ा हिस्सा अंधेरे में रहता है। नए हाईटेक बस स्टैंड से यात्री बसों की आवाजाही शुरू होने के बाद यहां ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ गया है।
2 min read
Google source verification
Chhattisgarh News

बायपास सड़क (File Photo - Patrika)

Rajnandgaon-Raipur Bypass: राजनांदगांव-रायपुर बायपास मार्ग पर करीब एक किमी से अधिक हिस्से में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से रात में अंधेरा पसरा रहता है। बड़े वाहनों के साथ अब नए हाईटेक बस स्टैंड से यात्री बसों का आवागमन भी इसी बायपास मार्ग से शुरू हो गया है। ऐसे में सड़क पर बढ़ते यातायात के बीच रोशनी की कमी हादसों का खतरा बढ़ा रही है।

नए बस स्टैंड से रायपुर और राजनांदगांव की ओर जाने वाली यात्री बसें इसी मार्ग से निकलती हैं और देर रात तक वापस लौटती हैं। यात्री बसों के अलावा हाईवा, ट्रक और ट्रेलर जैसे भारी वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है। सड़क पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से रात के समय वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इस मार्ग पर एक और गंभीर स्थिति सामने आ रही है। नए बस स्टैंड से रायपुर मार्ग की ओर जाने वाले हिस्से में सड़क किनारे शराब दुकान संचालित है। आसपास बड़ी संख्या में चखना दुकानें भी चल रही हैं। शाम से देर रात तक यहां लोगों की भीड़ जुटती है। शराब खरीदने और पीने के बाद लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। ऐसे में अंधेरे में तेज रफ्तार वाहनों के बीच पैदल लोगों की आवाजाही दुर्घटना की आशंका को बढ़ा देती है।

बायपास का यह हिस्सा शहर के मुख्य यातायात से अलग होने के बावजूद अब बसों और भारी वाहनों की नियमित आवाजाही का प्रमुख मार्ग बनता जा रहा है। ऐसे में सड़क पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ शराब दुकान के आसपास यातायात और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है।

शाम होते ही बढ़ जाता है दबाव

स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम से देर रात तक शराब दुकान के आसपास भीड़ अधिक रहती है। दूसरी ओर, इसी समय यात्री बसों और भारी वाहनों की आवाजाही भी बनी रहती है। स्ट्रीट लाइट के अभाव में वाहन चालकों को सड़क किनारे खड़े लोगों और दूसरे वाहनों को देखने में परेशानी होती है। ऐसे में कभी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।