नंदई क्षेत्र के मोहारा रोड में रविवार की रात गरबा स्थल के पास पार्किंग में अचानक आग लग गई। घटना में पार्किंग में रखे 5 से 6 बाइक जल गई है।
राजनांदगांव. नंदई क्षेत्र के मोहारा रोड में रविवार की रात गरबा स्थल के पास पार्किंग में अचानक आग लग गई। घटना में पार्किंग में रखे 5 से 6 बाइक जल गई है। आगजनी के घटना के बाद गरबा स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोग बाहर निकल कर अपने बाइक को सुरक्षित निकलाने में लगे रहे। आगजनी की घटना किस वजह से हुई इसका कारण स्पष्ट नहीं है। बंसतपुर पुलिस मामला दर्ज कर विवेचना में जुटी है।
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी शहर में जगह जगह रास गरबा का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में लायन्स क्लब द्वारा भी रास गरबा का आयोजन मोहरा रोड-नंदई के पास स्थित यश वाटिका में किया जा रहा था। रविवार रात लगभग 11.30 बजे के आस पास पार्किंग स्थल में खड़ी 6 से 8 गाडिय़ों में आग लग गई। आग लगने की जानकारी होते ही गरबा स्थल में अफरा तफरी मच गई और लोग गरबा छोड़ पार्किंग स्थल पर पहुंच गए।
शरारती तत्वों का हो सकता है हाथ
लोगों के पहुंचने तक आग ने 6 से 8 गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया था। इसमें से 5 बाइक बुरी तरह जल गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगो और फायरब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया । बताया जा रहा है कि इस आगजनी में लाखों का नुकसान हुआ है।
सूत्र बता रहे है कि इस घटना के पीछे किसी शरारती तत्वों का हाथ है। क्योंकि जब से गरबा का आयोजन किया जा रहा है, इस क्षेत्र में जाम की स्थिति निर्मित रहती हैं। आयोजन समिति द्वारा व्यापक व्यवस्था नही करना भी एक बड़ा कारण हो सकता है।
टीआई बसंतपुर थाना अलेक्जेंडर किरो ने बताया कि गरबा सथल में रात को पार्किग में आगजनी की घटना हुई है। घटना में 5 से 6 बाइक के जलने की खबर है। आगजनी का कारण स्पष्ट नहीं है। मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।