CG Election 2025: राजनांदगांव जिले में नगरीय निकाय के लिए 11 फरवरी को मतदान होना है। वहीं 9 फरवरी को रात 10 बजे तक चुनावी शोर-शराबा बंद हो गया।
CG Election 2025: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में नगरीय निकाय के लिए 11 फरवरी को मतदान होना है। वहीं 9 फरवरी को रात 10 बजे तक चुनावी शोर-शराबा बंद हो गया। इसके पहले प्रमुख दल भाजपा-कांग्रेस के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान में जोर लगाया। कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी सहित पार्षदों के पक्ष में समर्थन मांगने के लिए शहर में रैली निकाली।
CG Election 2025: कांग्रेस सीनियर नेताओं सहित कार्यकर्ताओं ने रैली में ताकत झोंकी तो वहीं भाजपा की ओर से शहर के 51 वार्डों में एक साथ रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया गया। इस बार नगरीय निकाय के चुनाव में प्रत्याशियों को प्रचार के लिए बहुत कम समय मिला। नामांकन दाखिले और चुनाव चिन्ह मिलने के बाद महज 10 दिन के भीतर 51 वार्डों तक पहुंचना था।
भाजपा-कांग्रेस के महापौर पद के प्रत्याशी समय कम होने की वजह से रोज 6 से 7 वार्डो में दस्तक देते रहे। रात को 11 से 12 बजे तक भी वार्डों में चुनावी सभाएं ली गई। वहीं वार्ड स्तर पर पार्षद पद के प्रत्याशी भी खूब जोर लगाते रहे। भाजपा-कांग्रेस की ओर से पार्टी के प्रमुख नेताओं को बुलाकर प्रचार के अंतिम दिनों में वार्ड स्तर पर सभाएं ली गई। भाजपा से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तो कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुनावी सभाएं ली हैैं।